Electric SUV: भारतीय इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा लगातार तेज हो रही है। एक तरफ Maruti Suzuki ने अपनी पहली ग्लोबल इलेक्ट्रिक एसयूवी Maruti Suzuki e Vitara लॉन्च कर दी है, तो दूसरी ओर उसकी सहयोगी कंपनी टोयोटा भी जल्द ही Toyota Urban Cruiser EV (एबेला) पेश करने जा रही है। दोनों मॉडल एक ही प्लेटफॉर्म पर विकसित हुए हैं, लेकिन डिजाइन, ब्रांड पोजिशनिंग और फीचर्स के मामले में इनकी अपनी अलग पहचान है।
डिजाइन: अलग पहचान, अलग अपील
ई-विटारा का फ्रंट लुक वाई-शेप्ड एलईडी डीआरएल और फॉग लैंप के साथ ज्यादा एग्रेसिव नजर आता है। वहीं अर्बन क्रूजर ईवी का डिजाइन अधिक सॉफिस्टिकेटेड है, जिसमें सेगमेंटेड डीआरएल और स्मूद बंपर फिनिश दी गई है। साइड प्रोफाइल में BEV बैजिंग इसे प्रीमियम टच देती है।
वारंटी और बायबैक: भरोसे का पैकेज
ई-विटारा में 8 साल या 1.6 लाख किमी की बैटरी वारंटी और 3 साल की स्टैंडर्ड व्हीकल वारंटी मिलती है। ग्राहक 5 साल तक की एक्सटेंडेड वारंटी भी चुन सकते हैं। साथ ही 3 साल/45,000 किमी पर 60% और 4 साल/60,000 किमी पर 50% अस्योर्ड बायबैक का विकल्प मिलता है।
अर्बन क्रूजर ईवी में भी 8 साल की बैटरी वारंटी और 60% बायबैक एश्योरेंस दिया जाएगा, जिससे लंबी अवधि के स्वामित्व में भरोसा बढ़ता है।
फीचर्स और मुकाबला
इनका सीधा मुकाबला MG Motor की ZS EV, Hyundai की Creta EV, Tata Motors की Curvv EV और VinFast की VF 6 जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से है। साफ है कि यह सेगमेंट अब फीचर्स, रेंज और प्राइस वैल्यू के आधार पर बेहद प्रतिस्पर्धी हो चुका है।
कौन है बेहतर विकल्प?
अगर आप किफायती कीमत, मजबूत सर्विस नेटवर्क और बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) जैसे लचीले विकल्प चाहते हैं, तो ई-विटारा ज्यादा व्यावहारिक साबित हो सकती है। वहीं, अगर आप प्रीमियम ब्रांड इमेज और अलग स्टाइलिंग को प्राथमिकता देते हैं, तो अर्बन क्रूजर ईवी (एबेला) एक आकर्षक विकल्प बन सकती है।
(मंजू कुमारी)