Ducati Bike: इटैलियन सुपरबाइक निर्माता Ducati ने अपनी विरासत को सम्मान देते हुए नई लिमिटेड-रन कैफे रेसर फॉर्मूला 73 को पेश किया है। यह खास मॉडल 1973 की सुपर स्पोर्ट डेस्मो को समर्पित है, जिसे खुद 1972 इमोला 200 रेस जीतने वाली ऐतिहासिक 750 इमोला डेस्मो से प्रेरणा मिली थी। उस दौर में पॉल स्मार्ट की जीत ने डुकाटी को प्रोडक्शन-आधारित रेसिंग में नई पहचान दिलाई और डेस्मोड्रोमिक वाल्व टाइमिंग को ब्रांड की तकनीकी विरासत का प्रतीक बना दिया।
रेट्रो लुक के साथ मॉडर्न टच
फॉर्मूला 73 का डिजाइन 1973 सुपर स्पोर्ट डेस्मो से प्रेरित है। इसमें हाफ-फेयरिंग, सिल्वर और ग्रीन कलर कॉम्बिनेशन जैसे क्लासिक एलिमेंट्स दिए गए हैं, जिन्हें आधुनिक अंदाज में पेश किया गया है। क्लिप-ऑन हैंडलबार, बार-एंड मिरर और सिंगल-सीट सेटअप के साथ कटे हुए टेल सेक्शन इसे असली कैफे रेसर स्टाइल देता है। 17-इंच वायर-स्पोक व्हील्स 1970 के दशक की याद दिलाते हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस
यह बाइक Ducati Scrambler पर आधारित है। इसमें 803cc, एयर-कूल्ड, 90-डिग्री टेस्टास्ट्रेट्टा V-ट्विन इंजन मिलता है, जो 71 बीएचपी की पावर और 65 एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स से लैस है। फ्रेम और स्विंगआर्म भी स्क्रैम्बलर से साझा किए गए हैं, जिससे इसकी परफॉर्मेंस भरोसेमंद और संतुलित रहती है।
फीचर्स और टेक्नोलॉजी
रेट्रो डिजाइन के बावजूद फॉर्मूला 73 आधुनिक तकनीक से भरपूर है। इसमें राइड-बाय-वायर थ्रॉटल, कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, क्विकशिफ्टर और दो राइड मोड्स मिलते हैं। ब्रेकिंग के लिए आगे 330 मिमी डिस्क के साथ ब्रेम्बो का चार-पिस्टन कैलिपर दिया गया है, जबकि सस्पेंशन KYB का है। इसके अलावा फुल-एलईडी लाइटिंग, TFT डिस्प्ले, बिलेट एल्युमीनियम लीवर और रिजोमा फ्यूल कैप जैसे प्रीमियम एलिमेंट्स इसे खास बनाते हैं।
फॉर्मूला 73 रेट्रो स्टाइल और आधुनिक इंजीनियरिंग का बेहतरीन मेल है, जो डुकाटी प्रेमियों के लिए एक कलेक्टर आइटम साबित हो सकती है।
(मंजू कुमारी)








