Logo
ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच जारी युद्ध के आठवें दिन ईरान ने जॉर्डन में तैनात अमेरिकी THAAD एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया। हमले में रडार सिस्टम नष्ट होने की खबर है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

US Israel Iran war: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के आठवें दिन ईरान ने बड़ा सैन्य हमला करते हुए जॉर्डन में तैनात अमेरिका के अत्याधुनिक THAAD एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले में मुवफ्फाक साल्टी एयर बेस पर लगा THAAD का मुख्य रडार सिस्टम तबाह हो गया, जिसे अमेरिका के लिए बड़ा सैन्य झटका माना जा रहा है।

​जॉर्डन के एयर बेस पर लगा रडार सिस्टम हुआ राख
​मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने बीते एक हफ्ते के दौरान सऊदी अरब, यूएई और जॉर्डन में तैनात अमेरिकी रक्षा प्रणालियों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। ताजा हमले में जॉर्डन के 'मुवफ्फाक साल्टी एयर बेस' पर लगे THAAD का मुख्य रडार सिस्टम तबाह हो गया है। बता दें कि एक पूरे THAAD सिस्टम की कीमत करीब 22 हजार करोड़ होती है, जबकि केवल इसके रडार की कीमत ही 2700 करोड़ तक होती है।

​अमेरिका के लिए बड़ा सैन्य झटका: पास में हैं केवल 8 सिस्टम
​यह हमला अमेरिका के लिए एक बड़ी सैन्य क्षति माना जा रहा है क्योंकि पूरी दुनिया में अमेरिका के पास ऐसे केवल 7 से 8 सिस्टम ही मौजूद हैं। यह रडार THAAD का सबसे अहम हिस्सा होता है, जो दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों को पहचानने और उन्हें ट्रैक करने का काम करता है। इसके नष्ट होने से क्षेत्र में अमेरिकी और सहयोगी सेनाओं की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है।

​ईरान का कड़ा संदेश: पड़ोसियों को दी चेतावनी

  • ​यदि पड़ोसी देश अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर हमला नहीं करेंगे, तो ईरान भी उन पर हमला नहीं करेगा।
  • ​ईरान किसी भी दबाव या धमकी के आगे झुकने वाला नहीं है।
  • ​यदि अमेरिका के सैन्य ठिकानों से ईरान पर हमला हुआ, तो ईरानी सेना उसका जोरदार जवाब देगी।

​ट्रंप की ललकार- 'ईरान अब दबंग नहीं, लूजर बन गया'
​दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद तल्ख टिप्पणी की है। ट्रंप ने कहा आज ईरान को बहुत भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने ईरान को 'लूजर' करार देते हुए कहा कि वह मिडिल ईस्ट का दबंग बनने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब पहली बार उसे अपने आसपास के देशों से हार का सामना करना पड़ रहा है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यह हालात तब तक रह सकते हैं जब तक ईरान सरेंडर न कर दे या पूरी तरह कमजोर न हो जाए।

​युद्ध के अन्य बड़े अपडेट्स

  • मौत का आंकड़ा: अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों में ईरान में अब तक 1484 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • भारी नुकसान: ईरान के भीतर 1300 ठिकानों और 14 मेडिकल सेंटरों को निशाना बनाया गया है, जिससे कई शहरों में बिजली-पानी की सप्लाई ठप है।
  • इजरायली हताहत: इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्ध शुरू होने से अब तक 1765 घायल अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं।
  • अमेरिका की मदद: अमेरिका ने इजरायल को 151.8 मिलियन डॉलर के नए हथियार देने का फैसला किया है।
5379487