नई दिल्ली : बोलिविया के एल आल्टो शहर में शनिवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। वायुसेना का एक हरक्यूलिस विमान, जो देश के सेंट्रल बैंक के नए नोट लेकर दूसरे शहरों की ओर जा रहा था, खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
खराब मौसम के कारण रनवे से फिसला विमान
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, खराब मौसम के बीच विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और पास की एक व्यस्त सड़क पर जा गिरा। जिस सड़क पर यह विमान गिरा, वहां खड़ी 10 से 15 गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के अनुसार, हादसे के बाद विमान दो टुकड़ों में बंट गया।
हाईवे पर बिखरे नोट उठाने की मची लूट
हादसे के बाद का मंजर बेहद खौफनाक था, जहाँ सड़क पर विमान का मलबा, टूटी हुई कारें और लाशें बिखरी नजर आईं। चूंकि यह विमान सेंट्रल बैंक की करेंसी ले जा रहा था, इसलिए दुर्घटना के बाद बड़ी मात्रा में बैंक नोट भी सड़क पर फैल गए। मलबे और लाशों के बीच लोग मौके पर बिखरे नोटों को उठाने के लिए जुट गए, जिससे वहां भारी अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों को पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
राहत कार्य और एयरपोर्ट बंद
हादसे के तुरंत बाद एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है और प्रशासन ने मृतकों की पहचान के साथ नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। बोलिविया का सेंट्रल बैंक इस घटना पर प्रेस ब्रीफिंग करने वाला है और हादसे के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है।










