WhatsApp ने iOS यूजर्स के लिए नया Sticker Suggestion फीचर पेश किया है। इसके जरिए अब आप चैट में इमोजी टाइप करते समय ही स्टिकर्स भेज सकेंगे, जिससे बातचीत के दौरान यूजर्स का समय बच सकता है।

व्हाट्सऐप अपने यूजर्स के चैटिंग एक्सपीरियंस को और अधिक इंटरैक्टिव बनाने के लिए एक नया और खास फीचर्स लेकर आया है। इसका नाम WhatsApp Sticker Suggestion है, जिसके तहत अब यूजर्स चैट में इमोजी टाइप करते समय ही स्टिकर्स भेज सकेंगे। इस नए फीचर की मदद से यूजर्स को अब अलग से स्टिकर कीबोर्ड खोलकर अलग-अलग स्टिकर पैक स्क्रॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इमोजी टाइप करते ही उससे जुड़े स्टिकर सुझाव स्क्रीन पर दिखाई देंगे, जिन्हें यूजर तुरंत चुनकर भेज सकते हैं। फिलहाल यह स्टिकर सजेशन फीचर iOS यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि आने वाले हफ्तों में यह फीचर सभी Apple iPhone यूजर्स तक पहुँच जाएगा।  

WhatsApp में आया नया Sticker Suggestion फीचर
Meta Platforms के स्वामित्व वाले  इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने अपने iOS ऐप का नया अपडेट जारी किया है, जिसका वर्जन नंबर 26.8.76 है। इस अपडेट में ऐसा फीचर शामिल किया गया है जो यूजर्स के मैसेज टाइप करते समय इमोजी डालने पर उससे जुड़े स्टिकर्स सुझाता है। यह फीचर चैट बार में इमोजी पर टैप करते ही उससे रिलेटिड स्टिकर्स दिखाता है, जिससे बातचीत के दौरान यूजर्स का समय बच सकता है।

यूजर्स इमोजी पर टैप करके उससे जुड़े स्टिकर्स देख सकते हैं और सीधे चैट में भेज सकते हैं। ऐप के चेंजलॉग के अनुसार यह फीचर सभी यूजर्स तक पहुंचने में कुछ दिन लग सकता है।

फीचर ट्रैकर WABetaInfo ने सबसे पहले इस फीचर को WhatsApp for iOS (26.8.75) अपडेट में देखा था। बाद में कंपनी ने इसे आधिकारिक तौर पर अगले अपडेट 26.8.76 के चेंजलॉग में शामिल किया।

स्क्रीनशॉट के अनुसार, यूजर्स “Show more results” विकल्प पर टैप करके और ज्यादा स्टिकर्स देख सकते हैं, जिनमें थर्ड-पार्टी स्टिकर पैक भी शामिल हो सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर यूजर हंसने वाला इमोजी टाइप करता है तो मजेदार रिएक्शन वाले स्टिकर्स दिखाई देंगे, जबकि हार्ट इमोजी टाइप करने पर प्यार और स्नेह से जुड़े स्टिकर्स दिखेंगे।

व्हाट्सऐप ने पिछले हफ्ते पेश किए थे ये खास फीचर्स
हाल के अपडेट्स में WhatsApp ने कई नए फीचर्स पेश किए हैं। पिछले हफ्ते कंपनी ने Group Message History फीचर जोड़ा था, जिससे नए मेंबर्स ग्रुप में जुड़ने से पहले भेजे गए मैसेज भी देख सकेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी भारत के फोन नंबर वाले यूजर्स के लिए SIM Binding सपोर्ट पर भी काम कर रही है। इसके अलावा, WhatsApp एक प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान भी तैयार कर रहा है।

बताया जा रहा है कि इस नए टियर को “WhatsApp Plus” कहा जा सकता है, जिसमें पेड यूजर्स को अतिरिक्त कस्टमाइजेशन और सुविधा वाले फीचर्स मिल सकते हैं। यह फीचर Android और iOS दोनों वर्जन के लिए विकसित किया जा रहा है।