सिंगापुर/लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के पहले ही दिन उत्तर प्रदेश सरकार ने वैश्विक निवेश के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप (USG) के साथ ₹6,650 करोड़ के तीन महत्वपूर्ण सहमति पत्रों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। ये निवेश मुख्य रूप से ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर के क्षेत्रों में किए जाएंगे, जिससे प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा 'इंटरनेशनल थीम्ड टाउनशिप'
यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में करीब 100 एकड़ जमीन पर एक भव्य इंटरनेशनल थीम्ड टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रोजेक्ट में ग्रुप ₹3,500 करोड़ का निवेश करेगा। इस टाउनशिप के निर्माण से लगभग 12,000 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को आश्वस्त किया है कि यूपी में विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ निवेश का माहौल पूरी तरह तैयार है।
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर बनेगा अत्याधुनिक लॉजिस्टिक्स पार्क
औद्योगिक विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ क्षेत्र में एक विशाल लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इस परियोजना में ₹650 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इस पार्क के संचालन से क्षेत्र के लगभग 7,500 लोगों को नौकरियों के अवसर मिलेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
नोएडा में हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क की योजना
डिजिटल उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एक हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क की स्थापना की जाएगी। ₹2,500 करोड़ की लागत से बनने वाले इस डेटा सेंटर की क्षमता 40 MW होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों से चर्चा के दौरान लखनऊ में भी इसी तरह के अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने का विशेष आमंत्रण दिया है।
वैश्विक निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बना उत्तर प्रदेश
सिंगापुर में हुए इन बड़े समझौतों ने साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश अब ग्लोबल कैपिटल के लिए सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बन चुका है। मुख्यमंत्री ने जीआईसी (GIC) के सीईओ लिम चाउ कियाट और डीबीएस (DBS) ग्रुप की तान सु शान जैसे दिग्गज निवेशकों के साथ यूपी में लंबे समय के निवेश पर सकारात्मक चर्चा की है। निवेशकों ने उत्तर प्रदेश की नीतियों और मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर अटूट भरोसा जताया है।