बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सूरजपुर मेहनवा गांव में 12 फरवरी को हुई एक बुजुर्ग महिला की जघन्य हत्या और दुष्कर्म के 'ब्लाइंड मर्डर केस' का पुलिस ने खुलासा कर दिया। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस के पास शुरुआत में न तो कोई प्रत्यक्षदर्शी था और न ही कोई तकनीकी सुराग, क्योंकि मृतका के पास मोबाइल फोन तक नहीं था। लेकिन एक लावारिस 'जैकेट' के सुराग ने पुलिस को आरोपी रोहताश तक पहुंचाया।
रेलवे क्रॉसिंग के पास झाड़ियों में मिली थी बुजुर्ग महिला की निर्वस्त्र लाश
घटना की शुरुआत 12 फरवरी की सुबह हुई, जब ग्रामीण रेलवे क्रॉसिंग के पास से गुजर रहे थे। वहां झाड़ियों के बीच एक बुजुर्ग महिला का निर्वस्त्र शव और अस्त-व्यस्त हालत में कपड़े देख पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गांव की ही एक बुजुर्ग महिला के रूप में हुई, जो अपने मायके साकोकरोद से लौट रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच और पुलिस की 'जैकेट थ्योरी'
घटनास्थल के पास कोई कैमरा नहीं था, पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास एक लावारिस जैकेट मिली। जब सीसीटीवी फुटेज का मिलान किया गया, तो गांव का ही रोहताश नाम का युवक घर से निकलते समय वही जैकेट पहने दिखा, लेकिन वारदात के संभावित समय के बाद जब वह वापस लौटा, तो उसके शरीर पर वह जैकेट नहीं थी। इसी एक छोटे से सुराग ने पुलिस के शक की सुई रोहताश की ओर घुमा दी।
नशे की हालत में दरिंदगी और साक्ष्य छिपाने की कोशिश
पुलिस ने जब रोहताश को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है और घटना वाले दिन वह नशे में धुत होकर घूम रहा था। उसने बुजुर्ग महिला को सुनसान रास्ते पर अकेला पाकर झाड़ियों में खींच लिया और उनके साथ दरिंदगी की।
पकड़े जाने के डर से उसने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने महिला का आधार कार्ड अपने पास रख लिया था और अपनी पहचान छुपाने के लिए अपनी जैकेट वहीं छोड़कर भाग निकला था।
पुलिस की बड़ी कामयाबी और बरामदगी
बागपत पुलिस ने आरोपी रोहताश के पास से मृतका का वह आधार कार्ड भी बरामद कर लिया है, जिसे उसने लूट लिया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह एक पूरी तरह से 'ब्लाइंड केस' था, जिसे सुलझाने के लिए स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने दिन-रात एक कर दिया। आरोपी का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।