जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 27 मार्च से 30 मार्च तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 27 मार्च से 30 मार्च तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के करीब 8 जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से गुरुवार को ही कई इलाकों में मौसम बदला। जोधपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग के आसपास बादल छाने के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।

कई जिलों में बदला मौसम
गुरुवार को बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, जैसलमेर और जोधपुर के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। तेज धूप के बाद दोपहर में बादल छाए और कई स्थानों पर धूलभरी आंधी चली। कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हुई।

वहीं, कोटा, उदयपुर, जयपुर और बाड़मेर सहित दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी जिलों में मौसम साफ रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

28 मार्च से सक्रिय होगा मजबूत सिस्टम
मौसम विज्ञान केन्द्र ने जानकारी दी है कि 28 मार्च से एक मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, 28 से 30 मार्च के बीच राजस्थान में मौसम का प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है।

किसानों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि कटी हुई और पकी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। खेतों या खुले स्थानों पर रखी फसल को ढककर या किसी शेड में शिफ्ट करने की सलाह दी गई है, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान से बचा जा सके।

सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें। अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।