Rajasthan Road Accident: राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। गंगधार थाना क्षेत्र में डग-चौमहला रोड पर करनपुरा गांव के पास बोलेरो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बाइक सवार चारों युवक राजस्थान से मध्य प्रदेश की ओर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को चौमहला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
एक ही बाइक पर सवार थे चार लोग
ग्रामीणों ने बताया कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। दूसरी ओर बोलेरो गंगधार से डग की तरफ जा रही थी। करनपुरा गांव के पास दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
बैग में मिले आधार कार्ड, तीन की पहचान
डीएसपी हेमंत गौतम ने बताया कि मृतकों के बैग से तीन आधार कार्ड मिले हैं। दस्तावेजों के आधार पर तीन युवकों की पहचान मंदसौर जिले के निवासियों के रूप में हुई है। इनमें राजपाल पुत्र परबत सिंह और जवाहरलाल पुत्र रामचंद्र, निवासी झांगरिया गांव (थाना सीतामऊ), तथा नरेश पुत्र कालूलाल, निवासी उदयपुर गांव शामिल हैं। हालांकि एक अन्य मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, क्योंकि उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला।
परिजनों को दी गई सूचना
थाना अधिकारी अमरनाथ योगी ने आधार कार्ड में दर्ज पते के आधार पर परिजनों से संपर्क कर हादसे की जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के चौमहला पहुंचने के बाद ही औपचारिक पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।