UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस बार मध्य प्रदेश के कई युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। भोपाल के ईशान भटनागर ने ऑल इंडिया रैंक-5 हासिल की, जबकि धार जिले के प्रक्षाल सेक्रेटरी ने 8वीं रैंक पाकर टॉप-10 में जगह बनाई।

भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर से कुल 958 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न सेवाओं के लिए किया गया है। इस वर्ष राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, मध्य प्रदेश के लिए भी यह परीक्षा परिणाम खास रहा है। प्रदेश के कई युवाओं ने इस प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अच्छी रैंक हासिल की है।

टॉप-10 में प्रदेश के दो युवाओं ने बनाई जगह 
टॉप टेन में प्रदेश के दो युवाओं ने अपना नाम दर्ज कराया है।  यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि इस बार मध्य प्रदेश के दो उम्मीदवार टॉप-10 में शामिल हुए हैं। राजधानी भोपाल के ईशान भटनागर ने ऑल इंडिया रैंक-5 हासिल की है, जबकि धार जिले के प्रक्षाल सेक्रेटरी ने 8वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इन दोनों की उपलब्धि राज्य के युवाओं को नई प्रेरणा देने का काम करेगी।  

ईशान ने मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा
भोपाल के रहने वाले ईशान भटनागर ने यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में देशभर में पांचवां स्थान हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भोपाल के एक प्रतिष्ठित स्कूल से हुई। पढ़ाई में शुरू से ही तेज रहे ईशान ने स्कूल और कॉलेज दोनों स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कड़ी मेहनत और लगातार प्रयासों के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में टॉप-5 में जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। ईशान की सफलता से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा शहर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।  

प्रक्षाल ने मेहनत से हासिल किया मुकाम
प्रदेश के धार जिले के प्रक्षाल सेक्रेटरी ने भी इस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-8 हासिल की है।  उनकी सफलता ने परिवार के साथ पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कड़ी मेहनत की दम पर टॉप-10 सूची में 10वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने इस परीक्षा के लिए दिन रात पढ़ाई की। इस दौरान वह सामाजिक जीवन से लगभग पूरी तरह से कट गए थे। उनकी इस मेहनत का नतीजा है कि उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 8वीं रैंक हासिल करने में सफलता मिली है। परिवार और स्थानीय लोगों ने उनकी सफलता पर खुशी जताई है।

अशोकनगर के चितवन को मिली 17वीं रैंक
मध्य प्रदेश के कई अन्य उम्मीदवारों ने भी इस परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अशोकनगर के चितवन जैन ने ऑल इंडिया रैंक-17 प्राप्त की। उन्होंने अपनी पढ़ाई का बड़ा हिस्सा अशोकनगर में पूरा किया और बाद में उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली चले गए। दिल्ली में उन्होंने कोचिंग ली और घर पर स्वयं जबर्दस्त पढ़ाई की। परिवार ने बताया कि उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 17वीं रैंक हासिल की है। परिजनों ने कहा उनकी यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत का नतीजा  है। 

खंडवा की रूपल ने हासिल की 43वीं रैंक 
खंडवा की रूपल जायसवाल ने 43वीं रैंक हासिल की। दिलचस्प बात यह है कि उन्हें पिछले वर्ष 512वीं रैंक मिली थी, लेकिन उन्होंने उस समय सेवा जॉइन नहीं की और दोबारा तैयारी कर बेहतर परिणाम हासिल किया। नरसिंहपुर की सब-डिविजनल रेवेन्यू ऑफिसर पूजा सोनी ने भी 249वीं रैंक प्राप्त की है। इसी तरह सतना की भूमिका जैन ने 331वीं रैंक हासिल कर भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में जगह बनाई।

गुना की देवांगी मीणा ने हासिल की  236वीं रैंक 
गुना जिले के कुंभराज की देवांगी मीणा ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 236वीं रैंक हासिल की है। देवांगी मीणा इससे पहले वर्ष 2024 में भी चयनित हो गई थीं। तब उन्होंने 764वीं रैंक हासिल कर आईआरएस सेवा जॉइन की थी। सतना जिले के यशवर्धन सिंह ने भी अपनी कड़ी मेहनत की बदौलत 212वीं रैंक हासिल करने में सफलता हासिल की है। मऊगंज की समीक्षा द्विवेदी ने तीसरे प्रयास में 56 वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत की जाए तो सफलता मिलती है।

5वें प्रयास में सफल हुईं ग्वालियर की सृष्टि
ग्वालियर की सृष्टि गोयल के लिए यह सफलता आसान नहीं रही। उन्होंने पांचवें प्रयास में ऑल इंडिया रैंक-160 हासिल की। लंबे समय तक तैयारी और संघर्ष के बाद उन्हें यह मुकाम मिला। सृष्टि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और गुरुओं को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के लगातार मोटीवेशन से ही वह इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल हो सकी हैं। शिवपुरी जिले के दीपक कोरकू ने 563वीं रैंक हासिल कर परीक्षा पास की है। उनकी उपलब्धि से उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।