शहडोल। प्रदेश के शहडोल शहर से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती में रहने वाले 40 वर्षीय शंकर गुप्ता ने कथित रूप से ऑनलाइन गेमिंग में हुए भारी आर्थिक नुकसान के बाद ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। बताया जाता है कि उन्होंने घर में रखे कोल्ड ड्रिंक्स में जहर मिला दिया और उसे खुद पीने के बाद अपनी पत्नी और 17 वर्षीय बेटी को भी पिला दिया।
इलाज के दौरान पिता-पुत्री की मौत
ठंडा पीने के कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी और परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान शंकर गुप्ता और उनकी बेटी स्वाति ने दम तोड़ दिया। जबकि शंकर गुप्ता की पत्नी राजकुमारी की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में सघन निगरानी में रखा गया है।
गेमिंग में बड़े नुकसान की आशंका
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे मोहल्ले में शोक फैल गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी को पिछले ुछ दिनों में ऑनलाइन गेमिंग में बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ था। इस घाटे की वजह से वह मानसिक रूप से भारी दबाव में था। जब उन्हे कोई दूसरा उपाय नहीं समझ में आया तो उन्होंने परिवार के साथ जान देने का निर्णय लिया। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
साइबर एंगल से भी होगी पड़ताल
पुलिस ने इस दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले शंकर गुप्ता और उनकी बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के समय परिवार का छोटा बेटा घर से बाहर था। इस वजह से उसकी जान बच गई। फिलहाल वह रिश्तेदारों के पास है। पुलिस ने घर को सील कर डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और बैंकिंग दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। इनकी विस्तृत जांच कराई जाएगी।
समाज के लिए चेतावनी
जांच एजेंसियां यह भी देखने का प्रयास रही हैं कि कहीं ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर किसी तरह की धोखाधड़ी या फ्रॉड तो नहीं हुआ। साइबर विशेषज्ञों की मदद से लेनदेन और ऐप गतिविधियों की जांच की जाएगी। यह घटना एक गंभीर चेतावनी है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बिना समझदारी के पैसा लगाना कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकता है। मानसिक तनाव के बीच लिया गया एक गलत फैसला पूरे परिवार की जिंदगी को खत्म कर सकता है।