मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की सक्रियता के कारण पिछले तीन दिनों से आंधी और बारिश का दौर जारी है।

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की सक्रियता के कारण पिछले तीन दिनों से आंधी और बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 फरवरी को एक नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका असर खासतौर पर दक्षिण-पूर्वी जिलों में ज्यादा देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान Bhopal, Ratlam, Mandsaur, Shajapur, Dhar, Indore, Raisen, Ujjain, Sagar और Chhatarpur समेत कई जिलों में बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

फसलों को नुकसान की आशंका
तेज आंधी के कारण रतलाम, शाजापुर और उज्जैन क्षेत्रों में गेहूं की फसलें आड़ी हो गई हैं। इससे दानों की गुणवत्ता और उत्पादन पर असर पड़ने की संभावना है। अनुमान है कि तीन दिनों में करीब 25 जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सर्वे शुरू कर दिया है। राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसल नुकसान का आकलन कर रही हैं।

अगले दो दिन का मौसम पूर्वानुमान
22 फरवरी:
बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन बादल छाए रह सकते हैं।
23 फरवरी:
दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में नए सिस्टम के असर से बारिश की संभावना जताई गई है।