मध्य प्रदेश पुलिस में 22,500 नए जवानों की भर्ती की जाएगी। डीजीपी कैलाश मकवाना ने बताया कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक पद खाली हैं। सिंहस्थ 2028 और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चरणबद्ध तरीके से होगी नियुक्ति। 

इंदौर। 19वीं ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के अवसर पर  मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने राज्य पुलिस बल में बड़े पैमाने पर भर्ती किए जाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न थानों में स्टाफ की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा इसे दूर करने के लिए कुल 22,500 नए पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। 

19वीं ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन बीएसएफ के सीएसडब्ल्यूटी ने रेवती रेंज में किया था। पत्रकारों से बातचीत में डीजीपी ने स्वीकार किया कि फिलहाल राज्य पुलिस बल में लगभग 20 हजार कर्मियों की कमी है। उन्होंने बताया पिछले वर्ष 8,500 जवानों की भर्ती की गई थी और अब इस कमी को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना है। 

उन्होंने बताया प्रस्ताव को दोबारा शासन को भेजा जा रहा है, ताकि भर्ती शुरू की जा सके। नई भर्ती से आगामी सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में सासानी होगी। डीजीपी मकवाना ने सुरक्षा के मोर्चे पर एक और बड़ी उपलब्धि का जिक्र किया। उन्होंने कहा 11 दिसंबर 2025 को राज्य से नक्सल समस्या का पूरी तरह अंत कर दिया गया है, जो एक महत्वपूर्ण सफलता है।