मानपुर। मध्य प्रदेश के महू क्षेत्र के मानपुर कस्बे में भाजपा के अंदरूनी गुटों के बीच चल रही तनातनी ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार शाम मानपुर चौराहे पर हुए विवाद में भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मीणा के साथ मारपीट की गई और उनकी कार को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले 8 मार्च को भी उनका विवाद हुआ था।
कैसे हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय मीणा अपने सहयोगियों पिंटू मीणा और पवन चौहान के साथ खेड़ीसिहोद से मानपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मानपुर चौराहे पर उनकी मुलाकात राजमल पटेल से हुई, जो हाथ में लोहे का सरिया लिए खड़ा था। आरोप है कि राजमल ने पहले कार पर हमला करते हुए उसके शीशे तोड़ दिए। संजय मीणा वाहन से बाहर निकले तो उन्हें लात-घूंसों से पीटा। हमले में उन्हें चोटें आईं हैं।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब दोनों पक्षों के बीच टकराव हुआ है। इससे पहले 8 मार्च को भी संजय मीणा और संतोष पाटीदार के बीच विवाद हुआ था।
राजनीतिक गुटबाजी का असर
आठ मार्च को हुए विवाद की दोनों पक्षों ने अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई थी। स्थानीय स्तर पर भाजपा के भीतर दो अलग-अलग गुट सक्रिय बताए जा रहे हैं। एक पक्ष को क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर का समर्थन प्राप्त है, जबकि दूसरा गुट कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार के करीबी माना जाता है। इसी खींचतान के कारण क्षेत्र में बार-बार विवाद की स्थिति बन रही है।









