मंदसौर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 3 साल के बच्चे की मौत, मां समेत 3 घायल। हादसे के बाद हाईवे पर जाम।

Mandsaur Accident News: मध्यप्रदेश। मंदसौर जिले में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार लोगों को कुचल दिया। हादसे के चलते तीन साल के मासूम की मौत हो गई जबकि उसकी मां समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। 

अस्पताल जा रहीं थी महिलाएं
मृतक बच्चे का नाम जियान बताया जा रहा है। हादसे में शानू (30वर्ष), नायरा (25वर्ष) और हानिया (तीन माह) गंभीर रूप से घायल हैं।  दोनों महिलाएं अपने बच्चों को धुंधड़का अस्पताल ले जा रहीं थीं। तभी या हादसा हुआ। मंदसौर से जावरा जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने अचानक स्कूटी को टक्कर मार दी। 

ट्रक से भी हुई टक्कर 
हादसा इतना भीषण था कि, स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार से टकराकर चारों पास खड़े ट्रक से टकरा गए। इससे चारों को बेहद गंभीर चोट आई है। 3 साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

महू-नीमच फोरलेन पर जाम
भीषण एक्सीडेंट के बाद गुस्साए परिजनों ने महू-नीमच फोरलेन पर जाम लगा दिया। यातायात बाधित होने से यहां गाड़ियों का तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों को काफी देर तक समझाया गया लेकिन वे आक्रोशित थे। इसके बाद पुलिस टीम ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इलाज के लिए उदयपुर रेफर
तीनों घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को उदयपुर रेफर  दिकरया गया। शरीर पर ज्यादा चोट लगने से तीनों की हालत नाजुक है। इधर बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।