Ayodhya Ram Mandir: रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का उत्सव 22 जनवरी को देशभर में मनाया गया। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन और रामरजा सरकार ओरछा धाम में अलौकिक छटा देखने को मिली। 

Ayodhya Ram Mandir Pran Pratistha: अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद पूरा मध्यप्रदेश उत्साह से झूम रहा है। हर तरफ जश्न का माहौल है। सभी छोटे-बड़े मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई है। सभी मंदिरों में आयोजन हुए। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में भगवान महाकाल का प्रभु श्रीराम के स्वरूप में श्रृंगार हुआ। ओरछा में कुण्डेश्वर महादेव ने भी भगवान राम के स्वरूप में दर्शन दिए।

ओरछा के राम राजा सरकार मंदिर में लाइव प्रसारण, मुख्यमंत्री मोहन यादव भी पहुंचे 
ओरछा के राम राजा सरकार मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर को फूलों से सजाया गया है। ओरछा में मुख्यमंत्री मोहन यादव  और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्री रामराजा सरकार मंदिर में भगवान श्री राम की विधिवत पूजा-अर्चना की। साथ ही प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण देखा।  

चित्रकूट में गूंजे मंगल गीत, भजन-कीर्तन और मानस पाठ 
चित्रकूट के जानकीकुण्ड स्थित रघुबीर मंन्दिर बड़ी गुफा में भजन-कीर्तन व मानस का सामूहिक पाठ हुआ। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और नृत्य कर खुशी मनाई। सदगुरू सेवा ट्रस्ट के डॉ बीके जैन व महिला समिति की अध्यक्षा ऊषा जैन ने साधु-संतों पर पुष्प वर्षा कर भगवान को छप्पन भोग लगाया। इस दौरान हजारों भक्तों ने रामलला के प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण देखा। भण्डारे व दीपोत्सव में भाग लिया।  

चित्रकूट के रधुबीर मंदिर में भगवान राम को छप्पन भोग अर्पित करते प्रमुख ट्रस्टी डॉ बीके जैन व उनकी पत्नी ऊषा जैन।

भोपाल के बिरला मंदिर और आनंद नगर राम मंदिर में उल्लास 
भोपाल के बिरला मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। जबकि भोपाल के आनंद नगर में दो करोड़ रुपए निर्मित राम मंदिर का उदघाटन हुआ। रामभक्तों में इस दौरान भार उल्लास देखने को मिला। भजन-कीर्तन के साथ महारती की। मंदिर को फूलों और लाइटिंग से आकर्षक तरीके से सजाया गया।