खरगोन। प्रदेश के खरगोन जिले के झिरन्या क्षेत्र में एक किसान की सालभर की मेहनत पलों में जलकर खाक हो गई। झिरन्या क्षेत्र के एक गांव में कटे गेहूं के ढेर में अचानक आग लग गई। आग लगने से इस हादसे में करीब 100 क्विंटल गेहूं और पशुओं के लिए रखा चारा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। बताया जाता है कि तीन एकड़ में कटाई के बाद गेहूं को एक स्थान पर एकत्र कर रखा गया था। एक मोटे अनुमान के अनुसार आगजनी की इस घटना में लगभग चार लाख रुपए का गेहूं और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई है। नुकसान का सर्वे कर वास्तविक क्षति का आंकलन किया जा रहा है।
लाखों रुपए की क्षति का अनुमान
घटना सोमवार रात की है, जब गांव के एक बुजुर्ग किसान रघुवीर राजपूत के खेत में रखी फसल में अचानक, आग भड़क उठी। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक किसान को लगभग चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा अनाज जलकर राख में बदल गया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक वहां सब कुछ राख में बदल चुका था। आग को फैलने से रोकने के लिए लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से खेत की आसपास जमीन जोत दी।
क्षति के आंकलन के लिए सर्वे शुरू
किसान का कहना है कि खेत के पास से कोई बिजली लाइन नहीं गुजरती है। ऐसे में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी कारण की संभावना कम मानी जा रही है। रघुवीर ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगाई है। स्थानीय किसानों के अनुसार हाल के दिनों में यह दूसरी आगजनी की घटना है। ग्रामीण इलाकों में अक्सर एक दूसरे को नुकसान पहुंचाने की ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। मामले सूचना पुलिस को दे दी गई है। किसी के द्वारा आगजनी किए जाने का पता चलता है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।