जबलपुर। बरगी में होली का त्योहार मनाने के बाद दोस्तों के साथ डेम में नहाते समय युवक की डूबने से मौत हो गई है। युवक का शव घटना के करीब दो दिन बाद बरामद किया गया। यह घटना परिवार के लिए गहरा सदमा लेकर आई। युवक अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद बरगी डेम पहुंचा था और नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया, जिससे यह हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार 27 वर्षीय शैलेष नेमा बुधवार सुबह घर से निकला था। वह अपने दोस्तों के साथ बरगी नगर इलाके में होली खेल रहा था।
बरगी डेम के जीरो पॉइंट पर हुआ हासदा
काफी देर तक रंग और गुलाल लगाने के बाद तीनों दोस्त बरगी नगर चौक पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने डेम में नहाने का फैसला किया। इसके बाद वे बाइक से बरगी डेम के जीरो पॉइंट तक पहुंचे और वहां पानी में उतर गए। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन थोड़ी ही देर बाद यह मौज-मस्ती एक गंभीर हादसे में बदल गई। बताया गया कि शैलेष अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और उसे डूबने का खतरा महसूस होने लगा। उसी समय उसने अपने दोस्त रोहन को आवाज देकर मदद मांगी।
दोस्त ने बचाने का असफल प्रयास किया
पहले तो रोहन को लगा कि शायद वह मजाक कर रहा है, क्योंकि शैलेष को तैरना आता था। वहीं उसका दोस्त रोहन तैरना नहीं जानता था, इसलिए वह खुद पानी में उतरकर मदद नहीं कर सका। उसने बचाने के लिए आवाजें लगाईं। एक अन्य युवक ने उसे बचाने की कोशिश की। वह पानी में उतरकर शैलेष तक जा पहुंचा और करीब दस मिनट तक उसे पकड़कर रखने की कोशिश करता रहा। लेकिन तब तक वह बुरी तरह से थक गया और उसकी पकड़ ढीली पड़ गई। अंततः शैलेष गहरे पानी में समा गया।
गोताखोरों ने आज सुबह बरामद किया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। दो दिन तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया और आखिरकार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गोताखोरों ने शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पत्थरों पर बहुत फिसलन है। यही वजह है उसे बचाया नहीं जा सका।