मध्यप्रदेश। धार के पीथमपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि, दसवीं की छात्रा ने परीक्षा सेंटर में एक नवजात बच्चे को जन्म दिया। शुरुआती तौर पर पुलिस इसे दुष्कर्म का मामला मान रही है। छात्रा नाबालिग है और कुछ समय से एक युवक के साथ संपर्क में थी जिसके साथ उसके शारीरिक संबंध भी थे।
शौचालय में दिया बच्चे को जन्म
नाबालिग छात्रा गणित का पेपर देने एग्जाम सेंटर पहुंची थी। यहां उसे पेट में दर्द हुआ जिसके बाद वह शौचालय गई। नाबालिग ने शौचालय में ही एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया। केंद्र में मौजूद शिक्षकों ने एम्बुलेंस को कॉल किया और पुलिस को भी सूचना दी।
नाबालिग छात्रा और बच्चा दोनों स्वस्थ
मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से छात्रा को पीथमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टर के अनुसार नाबालिग छात्रा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। फिलहाल दोनों को निगरानी में रखा गया है।
आरोपी युवक फरार
पुलिस द्वारा नाबालिग से पूछताछ करने पर उसने बताया कि, बीते दो साल से वो एक युवक के संपर्क में थी। आरोपी युवक की पहचान कान्हा निवासी ज्योति कॉलोनी, बेटमा के रूप में हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला संबंधित थाने को ट्रांसफर कर दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में है जो फिलहाल फरार है। अधिकारियों का कहना है कि, सभी पक्षों को जानने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।