मुख्यमंत्री मोहन यादव 1 मार्च को कूनो नेशनल पार्क में कूनो नदी में 10 घड़ियाल और कछुओं को छोड़ेंगे। वन्यजीव संरक्षण अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित होगा। एक घंटे के प्रवास के बाद सीएम अशोकनगर के लिए रवाना होंगे।

MP News: भोपाल। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज 1 मार्च 2026 को श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क के दौरे पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से कूनो पहुंचेंगे। यहां वह कूनो नदी में 10 घड़ियालों के साथ कुछ कछुओं को प्राकृतिक आवास में छोड़ेंगे। घड़ियाल और कछुए छोड़ने की यह पहल राज्य सरकार की वन्यजीव संरक्षण नीति का हिस्सा है। इसका उद्देश्य कूनो नेशनल पार्क में जैव विविधता को मजबूत करना और नदी तंत्र को संतुलित बनाना है।

बता दें, सीएम डॉ. यादव का यह दौरा पहले 28 फरवरी को प्रस्तावित था, लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। उस दिन वे बोत्सवाना से लाए गए नौ चीतों को कूनो में छोड़ने के कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। हालांकि वे स्वयं उपस्थित नहीं हो सके और कार्यक्रम में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री ने भाग लिया। आज वह पुनर्निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे घड़ियाल और कछुआ संरक्षण अभियान को आगे बढ़ाएंगे।

सीएम डॉ मोहन यादव  के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कूनो नदी के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है और कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड तथा आस-पास के क्षेत्रों में प्रवेश के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस, वन विभाग और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं हो।

घड़ियाल और कछुए नदी पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण घटक माने जाते हैं। इनकी उपस्थिति से जलाशयों का प्राकृतिक संतुलन बना रहता है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे प्रयास न केवल लुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि क्षेत्र को इको-टूरिज्म के रूप में भी पहचान दिलाते हैं। कूनो में करीब एक घंटे के प्रवास के बाद सीएम डॉ यादव हेलीकॉप्टर से अशोकनगर के लिए रवाना हो जाएंगे।