Bhopal Property Rate 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना अब पहले से ज्यादा महंगा हो सकता है। जिला मूल्यांकन समिति ने शहर की 621 लोकेशन्स पर गाइडलाइन दरें बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है तो इन क्षेत्रों में जमीन और मकान की रजिस्ट्री करवाना महंगा पड़ेगा, क्योंकि गाइडलाइन रेट बढ़ने से सीधे स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क पर असर पड़ता है।
बताया जा रहा है कि कोलार, अयोध्या बायपास, होशंगाबाद रोड और अन्य प्राइम इलाकों में दरों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। खास बात यह है कि जिला मूल्यांकन समिति 11 महीनों में दूसरी बार गाइडलाइन रेट बढ़ाने की तैयारी में है। इससे पहले पिछले साल 1,312 लोकेशन्स पर औसतन 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई थी।
इन कारणों से बढ़ सकती हैं गाइडलाइन दरें
टीएंडसीपी से स्वीकृत नई कॉलोनियों और आम जनता की सुविधाओं के कारण 38 लोकेशन प्रभावित हुईं। नए राष्ट्रीय राजमार्ग, बायपास और रिंग रोड बनने से 18 लोकेशन पर असर पड़ा। वहीं नए औद्योगिक और विशेष आर्थिक क्षेत्रों की स्थापना से 3 लोकेशन प्रभावित पाई गईं।
इस तरह जिले की कुल 621 लोकेशनों पर दर वृद्धि का प्रस्ताव है। इनमें कोलार रोड, अयोध्या बायपास, रायसेन रोड, भोपाल बायपास और कई पॉश इलाके शामिल हैं, जहां प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो सकता है।
रियल एस्टेट से जुड़े जानकारों का कहना है कि जिन क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, नई कॉलोनियां बस रही हैं या इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है, वहां गाइडलाइन दरों में वृद्धि लगभग तय मानी जा रही है। ऐसे में जो लोग भोपाल में प्लॉट या मकान खरीदने की योजना बना रहे हैं, उन्हें आने वाले समय में ज्यादा बजट तैयार रखना पड़ सकता है।