भोपाल। प्रदेश की राजधानी में रविवार की सुबह कुछ अलग ही उत्साह लेकर आई। तड़के जब अधिकांश लोग नींद में थे, तब हजारों युवा ऊर्जा और जोश के साथ टीटी नगर स्टेडियम में एकत्रित हुए थे। अवसर था बंसल पंख मैराथन का, जिसकी शुरुआत सुबह 5 बजे पहली रेस के फ्लैग ऑफ के साथ हुई।
जैसे ही दौड़ प्रारंभ हुई, पूरे क्षेत्र में उत्साह और फिटनेस का संदेश गूंज उठा। आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें बॉलीवुड अभिनेत्री फातिमा सना शेख मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। ‘दंगल’ फिल्म से लोकप्रिय हुईं फातिमा ने मंच से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की नींव है।
दंगल गर्ल बलीं-खेल को दिनचर्या बनाएं युवा
दंगल गर्ल फातिमा सना शेख ने युवाओं से अपील की कि नियमित व्यायाम और खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उनके हाथों से रेस की शुरुआत होना प्रतिभागियों के लिए विशेष प्रेरणा का क्षण था। मैराथन का मार्ग टीटी नगर स्टेडियम से शुरू होकर शहर के खूबसूरत अपर लेक क्षेत्र से होकर गुजरा और फिर वापस स्टेडियम में समाप्त हुआ।
सुबह की ताजगी और झील के किनारे का वातावरण धावकों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ। आयोजन समिति ने चार अलग-अलग श्रेणियों में रेस रखी थी, ताकि हर आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के लोग इसमें भाग ले सकें।
मैराथन, हाफ मैराथन, 10 व 6 किमी की दौड़
इस प्रतियोगिता में 42 किलोमीटर की फुल मैराथन, 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 6 किलोमीटर की दौड़ शामिल थीं। लंबी दूरी की रेस में भाग लेने वाले धावकों ने अपनी सहनशक्ति और तैयारी का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं 6 किलोमीटर की दौड़ खासतौर पर फिटनेस जागरूकता और आम नागरिकों की भागीदारी को ध्यान में रखकर आयोजित की गई थी। प्रतिभागियों को रेस शुरू होने से पहले रिपोर्टिंग और वार्म-अप के लिए पर्याप्त समय दिया गया। आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित रहा और सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए थे। विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार की व्यवस्था है।

विजेताओं को दिए जाएंगे पुरस्कार
42 और 21 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपए देने की घोषणा की गई। 10 किलोमीटर श्रेणी के विजेता के लिए 7 हजार रुपये का पुरस्कार निर्धारित किया गया है। यह आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना भी था।
बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भी इसमें शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि संकल्प और प्रेरणा हो तो फिटनेस को जीवनशैली बनाया जा सकता है। बंसल पंख मैराथन ने राजधानी में खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता को नई ऊर्जा दी है।









