Bhopal News: मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल में अवैध कॉलनियों के खिलाफ एक्शन जारी है। बताया जा रहा है कि, शुक्रवार को प्रशासन ने केरवा डैम के कैचमेंट एरिया में कट रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की। बुलडोजर से अवैध कॉलोनी के चारों ओर बनी बॉउंड्रीवॉल को गिराया गया और सड़कें भी उखाड़ी उखाड़ी गई।
जानकारी के अनुसार बिना परमिशन के ही कॉलोनी काटी जा रही थी। तहसीलदार अनुराग त्रिपाठी और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण ध्वस्त करवाया। अधिकारियों के अनुसार कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण हो रहा था। यह पूरी तरह नियमों के खिलाफ है। अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ एक्शन जारी रहेगा।
हुजूर तहसील के बेरखेड़ी बाज्याफत में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 10 एकड़ भूमि पर स्ट्रेलिंग वुड कॉलोनी बनाई जा रही थी। तहसीलदार और उनकी टीम जांच के बाद मौके पर पहुंचे और एक्शन लिया।
अवैध कॉलोनी बनाने वालों के खिलाफ बनेगा कानून
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 27 फरवरी 2026 को विधानसभा में बड़ा ऐलान किया था। अवैध कॉलोनियों का मुद्दा उठाए जाने पर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा था कि, अवैध कॉलोनियों के मकड़जाल को खत्म करने के लिए उनकी सरकार आगामी तीन महीने में सख्त कानून लाएगी। नागरिकों को कोई असुविधा न हो इसके लिए पहले से बसी हुई कॉलोनियों को वैध किए जाने पर विचार किया जाएगा।
दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन
विधानसभा के बजट सत्र के 10 वें दिन अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर खूब बहस हुई थी। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने मध्यप्रदेश सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उनके गंभीर सवालों के जवाब में सरकार का पक्ष साफ करते हुए उन्होंने कहा कि, प्रदेश में अवैध कॉलोनियों के खात्मे के लिए बेहद सख्त कानून लाया जाएगा। आने वाले तीन महीनों में यह कानून जमीन पर नजर आएगा। अवैध कॉलोनियों के निर्माण को रोका जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।