हरियाणा के यमुनानगर में एक युवक ने अपनी गोद ली हुई तीन साल की बेटी के साथ अश्लील हरकतें की। बच्ची की मां ने आरोपी पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

यमुनानगर: साढौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में पिता ने गोद ली अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ अश्लील हरकतें की। बच्ची की मां ने जब उसे ऐसा करते हुए देखा तो उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक सप्ताह पहले भी एक महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। आरोपी के खिलाफ उस मामले में भी साढौरा थाने में केस दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकार से ली थी बेटी गोद

जानकारी अनुसार साढौरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी 2019 में मनदीप के साथ हुई थी। इस शादी से उनके पास बच्चा नहीं हो रहा था। उन्होंने अपने जानकार की बेटी को गोद ले लिया, जो अब तीन वर्ष की है। इस बीच 2022 में उनके पास बेटा भी पैदा हो गया। उसका पति मनदीप नशे का आदी है। वह उसके साथ गलत हरकतें करता था, जिसकी वजह से उन दोनों में विवाद रहता था। उसने अपने पति के खिलाफ साढौरा थाना में केस दर्ज कराया। वहीं, उसने मकान पर कब्जे को लेकर कोर्ट में दावा डाल दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और उनमें राजीनामा हो गया।

पति व बच्चों के साथ अलग मकान में रहती है महिला

महिला ने बताया कि वह अपने पति व दोनों बच्चों के साथ अलग मकान में रहने लगी। आरोप है कि उसका पति गोद ली बेटी पर गलत नजर रखता है। एक दिन वह किसी काम से घर से बाहर गई थी। जब वह वापस लौटी तो उसने देखा कि उसका पति बेटी के साथ अश्लील हरकतें कर रहा है। जब उसने विरोध किया तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही है।

एक सप्ताह पहले भी दर्ज हुआ था केस

महिला ने बताया कि एक सप्ताह पहले उसकी भाभी उनके घर मिलने आई थी। इस दौरान आरोपी ने उसकी भाभी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। जब उसकी भाभी ने आरोपी का विरोध किया तो आरोपी वहां से भाग गया। उसकी भाभी ने आरोपी के खिलाफ साढौरा थाने में शिकायत दी थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज किया था।