हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। वहीं, सुबह शाम हल्की ठंड बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते सप्ताह के अंत तक मौसम बदलने की आशंका है।

Haryana: मौसम में बार-बार बदलाव के बीच दिन के समय गर्मी ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। सुबह के समय हल्की ठंड का असर अभी भी बना हुआ है, लेकिन दोपहर के समय गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है। शाम के समय भी ठंड का असर गायब होने लगा है। तापमान में वृद्धि होना शुरू हो गया है। सप्ताह के अंत में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में फिर बदलाव आने की संभावना बनी हुई है। फिलहाल मौसम साफ रहने से तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी।

गर्मी की हो गई शुरूआत, बढ़ता जा रहा तापमान

मंगलवार को गत शुक्रवार के बाद दूसरी बार रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 13.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन का तापमान एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 31 डिग्री दर्ज किया गया। गत वर्ष के मुकाबले इस बार तापमान में ज्यादा वृद्धि नहीं हुई है। गत वर्ष 19 मार्च को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया था। इस बार गर्मी शुरू होने में समय लग रहा है, लेकिन अब इसकी शुरूआत हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता सप्ताह के अंत में मौसम में बदलाव लाएगी। इस दौरान आसमान में बादल छाने के साथ मामूली फुवार भी गिर सकती हैं। इस समय सुबह हल्की ठंड का अहसास होता है। 10 बजे के बाद पंखे चलने शुरू हो जाते हैं।

गर्मी बढ़ने से गेहूं की फसल पर असर

इस समय तेजी से तापमान बढ़ना गेहूं की पछेती फसल को नुकसान पहुंचा सकता है। अगेती फसल पकाव की ओर अग्रसर है। पछेती फसल में अभी दाना बनना शुरू हुआ है। तापमान बढ़ने से पछेती फसल पर दीमक का प्रकोप शुरू हो सकता है। वैसे भी फसल पकने से पहले कटाई के लिए तैयार हो जाएगी, जिससे दाना कमजोर रहने से उत्पादन प्रभावित होगा। किसान अभी तक सरसों की कटाई का कार्य 60 फीसदी तक पूरा कर चुके हैं। मंडियों में सरसों की आवक बढ़ने लगी है।