महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर का सबसे व्यस्त इलाका 'महावीर चौक' है जो कि आज दोपहर बाद जंग का मैदान बन गया। 

नारनौल के महावीर चौक पर  हरियाणा रोडवेज की एक बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिस वजह से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। हादसा इतना ज़ोरदार था कि बाइक बस के सीधे अगले हिस्से में बुरी तरह जा फंसी जिसे निकालने के लिए काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी। 

बाज़ार से घर लौट रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान गांव जैलाफ निवासी कर्मवीर के रूप में हुई है। कर्मवीर शहर की पार्क गली से अपने लिए कपड़े खरीदकर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। लेकिन जैसे ही वह महावीर चौक के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कर्मवीर को गंभीर चोटें आईं, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आधे घंटे तक लगा जाम
 हादसे की खबर मिलते ही घायल के परिजन और जैलाफ गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस मामले पर ग्रामीणों का कहना था कि सूचना मिलने के बाद भी 30 मिनट तक सहायता के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कोई नहीं पहुंचा। जिस कारण लोगों में काफ़ी रोष है।

जाम से लगी वाहनों की लंबी कतारें 
जाम के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस के निवेदन के बाद जाम खुलवाया गया। ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे की सूचना देने के आधे घंटे बाद तक भी कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। हालांकि, बाद में भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया। 

पुलिस ने दिया आश्वासन

स्थानीय पुलिस अधिकारी पुलिस ने उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब 30 मिनट बाद जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बस को कब्जे में लेकर ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। अस्पताल में घायल का इलाज चल रहा है और कानून व्यवस्था फिलहाल नियंत्रण में है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।