हरियाणा के सिरसा जिले में एक आर्केस्ट्रा डांसर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सिमरन उर्फ सिम्मी नाम की इस महिला की हत्या उसके ही प्रेमी सुनील ने की और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि इस खूनी वारदात की पटकथा शक और ईर्ष्या के चलते लिखी गई थी।
वारदात से पहले बेटे के साथ देखी फिल्म
जांच में पता चला है कि सोमवार, 9 फरवरी की शाम सिमरन अपने 9 वर्षीय बेटे के साथ काफी खुश थी। वह उसे हिसार रोड स्थित एक सिनेमाघर में 'बॉर्डर-2' फिल्म दिखाने ले गई थी। फिल्म खत्म होने के बाद उसने अपने बेटे को उसके स्कूल के हॉस्टल में सुरक्षित छोड़ा और रात करीब 9 बजे वापस किराए के कमरे पर लौट आई। सिमरन सिरसा की एक ऐसी इमारत में रहती थी जहां उसके साथ काम करने वाली अन्य आर्केस्ट्रा डांसर भी किराए पर रहती थीं।
मध्यरात्रि हुआ झगड़ा
वारदात वाली रात करीब 12 बजे सिमरन का प्रेमी सुनील, जो जींद जिले के ढाणी रामगढ़ का निवासी था, उससे मिलने पहुंचा। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी तीसरे शख्स को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि सुनील ने आपा खो दिया और सिमरन का गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया। सिमरन की हत्या करने के बाद सुनील ने उसी कमरे में मृतका की चुन्नी का इस्तेमाल कर फांसी का फंदा बनाया और खुद भी आत्महत्या कर ली।
शक की बुनियाद पर खड़ा था विवाद
सूत्रों के अनुसार, सुनील और सिमरन पिछले 5 महीनों से एक दूसरे के संपर्क में थे। दोनों की मुलाकात आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों के दौरान हुई थी और सोशल मीडिया के जरिए उनकी नजदीकियां बढ़ी थीं। हालांकि, पिछले दो महीनों से सिमरन की बातचीत रानियां क्षेत्र के किसी अन्य युवक से होने लगी थी। सुनील को इस बात की भनक लग चुकी थी और वह इसे लेकर काफी नाराज था। सोमवार रात भी इसी विषय पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसने दो जिंदगियां खत्म कर दीं।
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालकिन को हुआ शक
मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक सिमरन के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो साथ रहने वाली अन्य लड़कियों को चिंता हुई। उन्होंने तुरंत मकान मालकिन को सूचित किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दृश्य विचलित करने वाला था। सुनील का शव फंदे से लटक रहा था, जबकि सिमरन बिस्तर पर बेजान पड़ी थी। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाया और सबूत जुटाने के बाद कमरे को सील कर दिया।
6 साल पहले पति से अलगाव हो गया था
34 वर्षीय सिमरन मूल रूप से फतेहाबाद के रतिया की रहने वाली थी। उसका वैवाहिक जीवन काफी उथल-पुथल भरा रहा। करीब 6 साल पहले उसका अपने पति से पंचायती तौर पर अलगाव हो गया था, हालांकि कानूनी तौर पर केस अभी भी विचाराधीन था। सिमरन के माता-पिता ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। सिमरन का 9 साल का बेटा उसके साथ रहता था, जबकि उसकी 5 साल की बेटी अपने पिता के पास रहती है।
सुनील (40) भी विवाहित था और उसका भाई हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। दोनों के परिजनों के देर से पहुंचने के कारण मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
मासूम बेटे ने खोला मां के मोबाइल का स्क्रीन लॉक
पुलिस को जांच के दौरान सिमरन का मोबाइल फोन मिला, जो लॉक था। पुलिस को उम्मीद थी कि इस फोन में छिपी चैट और कॉल डिटेल्स से हत्या की असल वजह साफ हो जाएगी। आखिरकार सिमरन के 9 साल के बेटे ने ही रोते हुए अपनी मां के फोन का पासवर्ड (स्क्रीन लॉक) खोलकर पुलिस की मदद की। अब पुलिस कॉल रिकॉर्ड्स और संदेशों के जरिए कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सिटी थाना प्रभारी संदीप सिंह के मुताबिक प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों से स्पष्ट है कि सुनील और सिमरन के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों के परिवार इस बात से अवगत थे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि सिमरन की मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि हो सके। घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और पुलिस अन्य एंगल से भी मामले को देख रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।