हरियाणा के सोनीपत के गांव भोगीपुर में दहेज के लिए प्रताड़ित एक महिला आग में बुरी तरह झुलस गई। पीड़िता को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में दाखिल करवाया गया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति व सास के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

गन्नौर/सोनीपत: भोगीपुर गांव की रहने वाली एक महिला दहेज की भेंट चढ़ गई। दहेज के लिए प्रताड़ित महिला आग में बुरी तरह से झुलस गई। विवाहिता को रोहतक पीजीआई में दाखिल करवाया गया है, जहां वह उपचाराधीन है। महिला के पिता ने महिला के पति व सास पर उसकी बेटी को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। बड़ी थाना पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

2021 में हुआ था पीड़िता का विवाह

शिकायत में कामी गांव के जय भगवान ने बताया कि उसने अपनी बेटी आरती की शादी 2021 में भोगीपुर गांव के महेश के साथ की थी। आरती की एक डेढ साल की बेटी है। करीब एक सप्ताह पहले उसकी बेटी आरती ने उन्हें फोन कर बताया था कि उसकी सास व पति महेश उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। जिसके बाद वह अपने बेटे दीपक के साथ उसके ससुराल आए और आरती व महेश को समझाकर घर वापिस लौट गए। सोमवार को आरती ने उन्हें फोन कर कहा कि वह उसे घर ले जाएं, नहीं तो उसका मुंह भी नहीं देख पाएंगे। उन्होंने आरती को बुधवार को लेकर जाने का आश्वासन दिया, लेकिन बुधवार की सुबह उनके दामाद महेश ने उन्हें फोन पर बताया कि आरती बिजली से झुलस गई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे हैं।

ससुरालजनों से प्रताड़ित होकर महिला ने उठाया कदम

पीड़िता के पिता जय भगवान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह अपनी बेटी से मिलने रोहतक पीजीआई पहुंचे तो देखा कि उसकी बेटी का सारा शरीर जला हुआ था। जिसके बाद जयभगवान ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी आरती ने सास व पति महेश की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया है। बड़ी थाना पुलिस ने शिकायत पर आरोपित पति व सास के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों को काबू कर पूछताछ करेगी, जिसके बाद मामले का खुलासा होगा।