शादी समारोह में डीजे पर गाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद युवक को मार डाला गया। वारदात के समय आरोपी की मां और बहन भी गाड़ी में मौजूद थीं।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद क्षेत्र में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब आपसी कहासुनी के बाद एक युवक को थार गाड़ी से बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक की पहचान पिहोवा के गांव खेड़ी शीशगरां निवासी साहिल के रूप में हुई है, जो महज एक महीने पहले ही अमेरिका से अपने वतन वापस लौटा था।

डीजे पर गाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद 
साहिल इस्माइलाबाद में अपने साले शैमिन पंजरथ के यहां एक शादी के कार्यक्रम में शिरकत करने आया था। समारोह के दौरान डीजे पर गाने बजाने और डांस करने को लेकर साहिल की उसी कॉलोनी के निवासी दीपांशु हवन के साथ बहस हो गई। हालांकि, उस वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करवा दिया था और कार्यक्रम जारी रहा। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मामूली बहस इतनी बड़ी रंजिश का रूप ले लेगी। 

घात लगाकर थार से किया जानलेवा हमला 
वारदात देर रात करीब 12:40 बजे की है। जब साहिल अपने परिजनों और दोस्तों के साथ चम्मू चौक पर खड़ा था, तभी अचानक एक काले रंग की थार (HR 31 W 2645) तेज रफ्तार में आई और सीधे साहिल को टक्कर मार दी। इस टक्कर में साहिल के साथ खड़े अन्य लोगों को भी चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार चालक दीपांशु ने गाड़ी का शीशा नीचे कर साहिल को देखा और अपशब्द कहे। जब परिजनों ने विरोध किया, तो आरोपी ने 'अभी तो बच गया' कहते हुए गाड़ी पीछे की और दोबारा साहिल के ऊपर चढ़ा दी।

आरोपी के साथ गाड़ी में सवार थे परिजन
हैरानी की बात यह है कि इस जघन्य अपराध के वक्त आरोपी दीपांशु अकेला नहीं था। शिकायत के अनुसार थार गाड़ी में उसकी बहन रिम्पा और उसकी मां भी पिछली सीट पर बैठी हुई थीं। साहिल को दो बार कुचलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल साहिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साहिल की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

हत्या का मामला दर्ज 
घटना की सूचना मिलते ही इस्माइलाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपांशु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 109(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। 

फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है। अमेरिका से लौटे साहिल की इस तरह हुई हत्या ने पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।