उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह और उनके परिवार को बीजेपी-जेजेपी गठबंधन से नहीं बल्कि उचाना में हो रहे विकास कार्यों से परेशानी है। बीरेंद्र सिंह के समय में उचाना विकास के मामले में पिछड़ा क्षेत्र था, लेकिन आज उचाना तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

Jind: उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह और उनके परिवार को बीजेपी-जेजेपी गठबंधन से नहीं बल्कि उचाना में हो रहे विकास कार्यों से परेशानी है। बीरेंद्र सिंह के समय में उचाना विकास के मामले में पिछड़ा क्षेत्र था, लेकिन आज उचाना तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, इसी बात से परेशान होकर बीरेंद्र सिंह गठबंधन पर अपनी भड़ास निकालते हैं। डिप्टी सीएम शनिवार को उचाना में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

बीरेंद्र सिंह एक साल से पार्टी छोड़ने की दे रहे धमकी

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बीरेंद्र सिंह एक साल से पार्टी छोड़ने की धमकियां दे रहे है, इससे यह साबित हो रहा है कि वे सिर्फ बार-बार तारीख पर तारीख ही दे रहे हैं। अगर बीरेंद्र सिंह को कोई फैसला लेना है तो वे अपनी राजनीति के हिसाब से लें, ना कि जेजेपी की चिंता करें। जहां तक लोकसभा चुनाव में गठबंधन की बात है, तो उस पर एनडीए फैसला लेगा। उन्होंने दोहराया कि जेजेपी और बीजेपी दोनों ही दल सभी दस लोकसभा सीटों पर तैयारी कर रहे हैं।

गठबंधन सरकार ने प्रदेश की तरक्की में नहीं छोड़ी कोई कसर

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार ने पिछले करीब साढ़े चार साल में प्रदेश की तरक्की के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। गठबंधन सरकार ने मिलकर आमजन को बहुत सी सहूलियतें दी हैं। किसानों की 14 फसलों की एमएसपी पर खरीद, प्रदेश में सड़क और मेडिकल कॉलेज का नेटवर्क बेहतर होना और आज घर द्वार पर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना गठबंधन सरकार में मुमकिन हुआ है। भविष्य में भी ऐसे ही मिलकर प्रदेश की उन्नति के लिए काम किए जाएंगे। फसल खराबे के मुआवजे के लिए किसान अपने नुकसान की रिपोर्ट पोर्टल पर कर रहे हैं और 15 मार्च तक यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद क्षतिपूर्ति सहायकों की मदद से वेरिफिकेशन करवाकर तुरंत पीड़ित किसानों के खातों में मुआवजा राशि डाली जाएगी।

बैसाखियों के सहारे चल रही कांग्रेस

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज कांग्रेस बैसाखियों के सहारे चल रही है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की तो नैया डूबेगी ही, साथ में कांग्रेस दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को भी ले डूबेगी। उपमुख्यमंत्री ने 13 मार्च को जेजेपी की हिसार लोकसभा की होने वाली रैली को लेकर उचाना के जेजेपी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई और कहा कि इस रैली में उचाना की अहम हिस्सेदारी होगी। लोकसभा क्षेत्रों में जेजेपी नवसंकल्प रैली के जरिए संगठन को एकत्रित करके अपनी ताकत दिखा रही है।