हरियाणा के हांसी में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गुरुग्राम जिला में दुर्गा शक्ति-2 पर तैनात कांस्टेबल विकास को हांसी से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम आरोपी कांस्टेबल से पूछताछ कर रही है।

Hansi: हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार व रिश्वतखोरी के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया हुआ है, जिसके चलते सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों को पकड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में टीम ने गुरुग्राम जिला में दुर्गा शक्ति-2 पर तैनात कांस्टेबल विकास को हांसी से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता की सेक्टर-33 स्थित फास्ट फूड की दुकान पर रेड न करवाने के बदले में रिश्वत की मांग की जा रही थी। एसीबी की टीम पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है।

दुकानदार को नशीले पदार्थ को लेकर रेड मारने का दिखाया डर

जानकारी देते हुए सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को शिकायत मिली, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल विकास द्वारा उसकी सेक्टर -33 स्थित फास्ट फूड की दुकान पर सीआईए गुरुग्राम की टीम द्वारा नशीले पदार्थ को लेकर रेड डाले जाने का डर दिखाया जा रहा है। इस मामले में आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता को कहा गया कि वह सीआईए गुरुग्राम के अधिकारियों के साथ साठ गांठ करते हुए उन्हें शिकायतकर्ता की दुकान पर रेड ना डालने के लिए सहमत कर लेगा। इसके बदले में उसने 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। मामले की जांच पड़ताल करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए एसीबी की टीम ने योजना बनाई और उसे 20 हजार रुपए हांसी में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की टीम आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ कर रही जांच

एसीबी प्रवक्ता ने बताया कि रिश्वत मामले में आरोपी के खिलाफ हिसार एंटी करप्शन ब्यूरो पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही की गई है। यह पूरी कार्रवाई गवाहों के समक्ष पूरी पारदर्शिता बरतते हुए की गई। इस मामले में सभी आवश्यक सबूत जुटाते हुए जांच पड़ताल की जा रही है। प्रवक्ता ने अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी सरकारी काम करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी जानकारी हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर -1800-180-2022 तथा 1064 पर देना सुनिश्चित करें।