हरियाणा के जींद में रिश्ते के चाचा ने नाबालिग भतीजी को अपनी हवस का शिकार बनाया। नाबालिग के गर्भवती होने पर मामले का भंडा फूटा। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जींद: सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्ते के चाचा ने सारी हदों को पार करते हुए अपनी नाबालिग भतीजी को हवस का शिकार बनाया। जब नाबालिग गर्भवती हुई तो चाचा की करतूत का भांडा फूटा। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपित चाचा के खिलाफ दुष्कर्म करने, यौन शोषण करने, छह पॉस्को एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

छह से कर रहा था दुष्कर्म

सदर थाना इलाके की एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ती है। बेटी की तबीयत खराब होने पर उसकी जांच करवाई तो वह गर्भवती मिली। जब उन्होंने बेटी से पूछताछ की तो उसने बताया कि लगभग छह माह पहले रात को रिश्ते का चाचा लगने वाला पड़ोसी मंगल उसकी बेटी को धमकी देकर अपने साथ घर ले गया। जहां पर आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद आरोपित को जब भी मौका मिलता, वह उसकी बेटी को अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करता। यह सिलसिला पिछले छह माह से जारी था।

6 पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ केस

महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपित मंगल के खिलाफ बंधक बनाने, अपहरण करने, दुष्कर्म करने, यौन शोषण करने तथा छह पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। महिला थाना की जांच अधिकारी सुनीता ने बताया कि पीड़िता की मां ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की धरपकड़ को लेकर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।