Gurugram Fraud Case: गुरुग्राम से एक रिटायर्ड फौजी के साथ साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करीब साढ़े 8 रुपये ठग लिए हैं। इस मामले को लेकर पीड़ित की तरफ से साइबर थाना पश्चिम पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित की पहचान टीकली गांव के रहने वाले विजय पाल यादव के तौर पर हुई है। पीड़ित ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि वह भारतीय सेना से रिटायर्ड है। कुछ दिन पहले उन्होंने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में शेयर बाजार में तेल कंपनियों में पैसा लगाने पर डबल मुनाफा कमाने के बारे में बताया गया था। इसके अलावा विज्ञापन में एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था।
रिटायर्ड फौजी को कैसे चूना लगाया ?
विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर विजय पाल ने जब बात की, तो उन्हें शेयर बाजार के बारे में बताया गया। विजय ने बता करने वाले शख्स से कहा कि उन्हें मार्केट में पैसा लगाना नहीं आता है, इस पर ठगों ने उन्हें बैंकर जाकर कर्मचारियों से बात कराने के लिए कहा था। ठगों के कहने पर विजय बैंक चले गए और वहां जाकर उन्होंने कर्मचारियों से ठगों की बात कराई। उस दौरान ठगों ने खाता नंबर देकर आरटीजीएस से पैसे ट्रांसफर करा लिए।
विजय पाल ने बताया कि आरोपियों ने पहली बार उनसे 17 हजार, फिर 5 लाख और फिर साढ़े 3 लाख रुपये जमा कराए थे। कुछ दिन बाद ठगों ने उन्हें बताया कि शेयर बाजार में 20 लाख रुपये जमा हो गए हैं। लेकिन विजय ने जब रुपये निकालने की कोशिश की तो, पैसे नहीं निकले, जिसके बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।









