Aam Aadmi Party: आम आदमी पार्टी के अंदर का सियासी मतभेद रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सौरभ भारद्वाज और आतिशी के बाद अब संजय सिंह ने राघव चड्ढा की x  पोस्ट को लेकर निशाना साधा है।

Aam Aadmi Party: दिल्ली की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच मतभेद तेजी से बढ़ रहे हैं। पार्टी ने राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है। साथ ही यह भी फैसला लिया गया है कि उन्हें संसद के अंदर बोलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इस कदम के बाद राघव चड्ढा लगातार सवाल उठा रहे हैं कि उन्होंने पार्टी के खिलाफ ऐसा क्या गलत किया है जिसके लिए उनके साथ यह व्यवहार किया जा रहा है। राघव चड्ढा द्वारा शेयर की गई वीडियो के जवाब में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राघव चड्ढा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

संजय सिंह का जवाब

संजय सिंह ने कहा कि राघव चड्ढा पार्टी की लाइन से अलग होकर काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सीईसी में प्रस्ताव आता है तो राघव चड्ढा उस पर हस्ताक्षर नहीं करते। पश्चिम बंगाल में लोगों के वोट के अधिकार छीने जा रहे थे, दिल्ली में चुनाव आयोग के दुरुपयोग का मामला था और पंजाब के मुद्दों पर भी राघव चड्ढा चुप रहते हैं। संजय सिंह ने कहा कि वे अरविंद केजरीवाल के सच्चे सिपाही हैं और केजरीवाल से निडरता, हिम्मत और साहस के साथ लड़ना सीखा है। लेकिन राघव चड्ढा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आवाज नहीं उठाते हैं।

वॉकआउट से पीछे हटना

संजय सिंह ने आगे कहा कि देश के कई जनहित से जुड़े मुद्दों पर राघव चड्ढा बात नहीं करते। गुजरात में पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमले होते हैं तो भी वे चुप रहते हैं। केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के अधिकार छीने जाने पर भी वे आवाज नहीं उठाते। संजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि जब सदन में वॉकआउट करने का समय आता है तो राघव चड्ढा उससे भी पीछे हट जाते हैं। उन्होंने कहा कि इन तमाम मुद्दों का जवाब देश और लोग राघव चड्ढा से चाहते हैं।