Aam Aadmi Party: गुरुवार को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सांसद राघव चड्डा को उपनेता के पद से हटा दिया था। उनकी जगह अब पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को पार्टी ने उपनेता बनाया है। सांसद राघव चड्ढा को पार्टी के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं। लोग कयास लगा रहे हैं कि क्या राघव चड्ढा भारतीय जनता पार्टी में जा सकते हैं और अब आतिशी की प्रतिक्रिया के बाद से यह हलचल और भी तेज हो गई है।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और AAP की वरिष्ठ नेता आतिशी ने एक X पोस्ट के माध्यम से सांसद राघव चड्ढा से कई सवाल किए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी विपक्ष के नेताओं को डराती है, धमकाती है और लालच देती है। इस दौरान विपक्ष कई नेता इस धमकी, डर या फिर लालच की वजह से अपनी पार्टी को छोड़कर बीजेपी में शामिल भी हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि शायद राघव जी के साथ भी यही हो रहा है।
राघव चढ्ढा जी से मेरे कुछ सवाल . pic.twitter.com/NNMyXYXijs
— Atishi (@AtishiAAP) April 3, 2026
उन्होंने आगे कहा कि इस समय देश एक खतरे का सामना कर रहा है। देश के लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। जिस तरह से दिल्ली में वोट काटे गए और प्रशासन का दुरुपयोग किया गया। उससे भाजापा ने दिल्ली का विधानसभा का चुनाव चुरा लिया। ठीक इसी तरह से पश्चिम बंगाल में भी सभी की आंखों के सामने वहां का चुनाव चुराने का काम किया जा रहा है।
आतिशी कहती हैं कि जब टीएमसी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग लाने का काम करती है तो राघव चड्ढा हस्ताक्षर करने से मना कर देते हैं। इसके अलावा जब लोकतंत्र पर हमलों और पीएम मोदी की जीत के खिलाफ जब विपक्ष वॉकआउट करता है तो वह वॉकआउट करने से भी मना कर देते हैं। जब देश में एलपीजी सिलेंडर का संकट है और आम लोग लाइनों में खड़े हैं और पार्टी इस मुद्दे पर उनसे संसद में आवाज उठाने को कहती तो वह मना कर देते हैं। इसलिए यह सााफ हो गया कि राघव चड्ढा बीजेपी और पीएम मोदी से डर गए है। इसलिए वह उनके खिलाफ आवाज उठाने को तैयार नहीं हैं।










