दिल्ली से सटे नोएडा से दुर्घटना से संबंधित दो खबर सामने आ रही हैं। पहली घटना में एक ट्रांसफर फटने से दो लोग झुलस गए हैं, वहीं दूसरी घटना में गौवंश की टक्कर से घायल शख्स की मौत हो गई है। पुलिस ने जहां झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने मृतक के परिजनों द्वारा शिकायत देने से इनकार किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-18 स्थित मार्केट में आज दोपहर को ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। इसकी चपेट में आने से दो लोग झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान विजय कुमार पुत्र संतोष कुमार और हर्ष पुत्र रविकांत बताई गई है। विजय सेक्टर 44 नोएडा की गली नंबर 3 और हर्ष दिल्ली के अशोक नगर का रहने वाला है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।
उधर, नोएडा के सेक्टर दो में बेसहारा गौवंश ने साइकिल सवार को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की तरफ से शिकायत मिलने से इनकार किया है।
संबंधित थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि हरौला सेक्टर-5 निवासी सवेंद्र कुमार मंगलवार रात लेबर चौक की ओर से संदीप पेपर मिल की तरफ जा रहा था। वह साइकिल पर सवार था। सेक्टर दो में डी-19 बिल्डिंग के पास बेसहारा गौवंश ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बता दें कि नोएडा में गौवंश की वजह से कई हादसे सामने आ चुके हैं। हाल में सेक्टर 168 में बाइक सवार इंजीनियर को बेसहारा गौवंश ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था। वह ग्रेटर नोएडा स्थित कार्यालय से ड्यूटी खत्म करके बाइक से पीजी लौट रहा था। सेक्टर-168 में बेसहारा गोवंश ने सामने से उसे टक्कर मार दी। सींग हेलमेट के शीशे को तोड़ते हुए माथे में जा लगा, जिसमें वो बुरी तरह घायल हुआ था।










