Saurabh Bharadwaj: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने अपने ही राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर X पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने राघव चड्ढा पर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को निशाना बनाने से डरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब पार्टी प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था, तब राघव चड्ढा देश से बाहर जाकर छिप गए थे।
X पोस्ट की वीडियों में उन्होंने आगे कहा "राघव भाई, हमने अभी आपका वीडियो देखा। हम सब अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। जो डर गया, वो मर गया। सरकार सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों के अकाउंट बैन कर रही है, केस दर्ज किए जा रहे हैं। सरकार को इस बात की परवाह नहीं है कि कोई संसद में सॉफ्ट पीआर कर रहा है या नहीं, क्योंकि छोटी पार्टियों को वहां बोलने का बहुत कम समय मिलता है। समोसे की बात करने के बजाय बड़े मुद्दों को उठाना जरूरी है। सरकार असली मतदाताओं के नाम मिटाकर और फर्जी मतदातओं के नाम मतदाता सूची में जोड़कर चुनाव जीतने का काम कर रही है। पश्चिम बंगाल में भी यही हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि "हाल ही में सभी विपक्षी पार्टियों ने महाभियोग प्रस्ताव लाया, लेकिन आपने उस पर हस्ताक्षर नहीं किए। जब भी विपक्ष वॉकआउट करता है, आप कभी वॉकआउट नहीं करते। मैंने देखा है कि आपने प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार के खिलाफ कभी कोई मुद्दा नहीं उठाया। डरकर राजनीति कैसे की जा सकती है? आप पंजाब के मुद्दे उठाने से डरते हैं, जहां से आप सासद चुने गए हैं। गुजरात में कई AAP कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर आप चुप रहे। जब अरविंद केजरीवाल जी को झूठे केस में जेल हुई थी, तब भी आप देश में नहीं थे और कहीं छिपे हुए थे... आपका सॉफ्ट पीआर ये मुद्दे भाजपा के लिए चिंता का विषय नहीं हैं। आपको इस बात पर विचार करने की जरूरत है कि आपकी यात्रा कहां से शुरू हुई और अभी कहां तक पहुंची है।"