Delhi NCR Weather: मार्च का महीना अपने अंतिम सप्ताह में है लेकिन उत्तर भारत में अभी तक उस गर्मी का एहसास नहीं हो रहा है, जो कि मार्च में पड़ती थी। उत्तर भारत का मौसम लगातार एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ठंडा हो जाता है। सुहावना हो जाता है। इसके अलावा दिल्ली एनसीआर और उत्तर भारत के अधिकतर इलाके में तापमान न्यूनतम से भी कम दर्ज किया गया है और पहाड़ों की बात करें तो वहां लगातार बर्फबारी जारी है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली एनसीआर में 2 बजे के बाद मौसम बदलने की संभावना है। बताया जा रहा है कि 2 बजे के बाद राजधानी के अधिकतर इलाकों में 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलने की संभावना है। इसके अलावा आंधी के साथ-साथ हल्की सी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, बवाना, मुंडका, नजफगढ़, द्वारका, बहादुरगढ़, गुरुग्राम और मानेसर में हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों में तेज बारिश होने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार बताए जा रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल मार्च में कई पश्चिम विक्षोभ एक बाद एक सक्रिय हुए जिसकी वजह से पश्चिमी एशिया से आकर यह भारत के मौसम को प्रभावित करने का काम कर रहे है। इस वजह से बार-बार इन विक्षोभों के सक्रिय हो जाने के कारण तापमान नहीं बढ़ पा रहा है और लोगों को मार्च जैसी गर्मी का एहसास नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में लगातार बर्फबारी हो रही है। इस वजह से भी मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं और लोगों को गर्मी का एहसास कम हो रहा है।