गुरुग्राम में 18 करोड़ की ठगी के बाद अब नोएडा से 68 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पढ़िये पूरा मामला...

दिल्ली एनसीआर से आए दिन ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। गुरुग्राम में 18 करोड़ की ठगी के बाद अब नोएडा से 68 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी से दो क्लब में निवेश के नाम पर 68 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

नोएडा के सेक्टर-39 थाना पुलिस को दी शिकायत में निशांत भार्गव ने बताया कि वे नोएडा के राहुल कुमार को कई सालों से जानते हैं। राहुल और उनकी पत्नी खुशी सिंह ने मैटालिक्स इवेंट कंपनी और महादेव इंटरप्राइजेट कंपनियों के बारे में बताया। कहा कि इन कंपनियों के माध्यम से गुरुग्राम के सेक्टर 29 में लोस्ट लैमन और नोएडा के सेक्टर 38 स्थित जीआईपी मॉल में ट्रिपी टकीला नाम से क्लब चलाया जा रहा है। दोनों ने बताया कि वे इन क्लबों में साझेदार हैं और उनके साथ लव ढींचरा, तरुण रूहेला और आशीष भी पार्टनर हैं। 

राहुल ने आरोप लगाया कि उन्होंने क्लब में एक करोड़ रुपये का निवेश करने का ऑफर दिया और भरोसा दिलाया कि हर महीने पांच लाख रुपये से कम कमाई नहीं होगी। साथ ही, मैटालिक्स इवेंट कंपनी में भी दस फीसदी साझेदारी का प्रस्ताव दिया, जिस पर वो उनके झांसे में आ गए। 

राहुल ने बताया कि आरोपियों ने अभी तक मुनाफे के तौर पर कोई राशि नहीं दी। जब मुनाफा पूछा तो धमककियां देते हैं। पीड़ित ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई उनके जाल में न फंसे। एसीपी प्रवीण कुमार के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि पीड़ित राहुल की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कंपनियों की डिटेल्स समेत तमाम ब्यौरा खंगाला जाएगा। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।