Noida Student Suicide Case: नोएडा में बीटेक छात्रा ने 28वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Noida Student Suicide Case: नोएडा के सेक्टर 32 में बीती देर रात करीब सवा 12 बजे 21 साल की बीटेक छात्रा ने  28वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस को इस मामले में सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसकी वजह से आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। पुलिस मृतका के परिजन, रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ करेगी, ताकि पूपे मामले के बारे में खुलासा हो सके। 

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला नोएडा के सेक्टर-32 स्थित अमौर सोसाइटी का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश की रहने वाली 21 वर्षीय अर्पिता के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्पिता पंजाब के एक कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। अर्पिता 2 दिन पहले ही पंजाब से नोएडा आई थी। पुलिस का कहना है कि सोसाइटी की 28वीं मंजिल पर ही अर्पिता के पिता का फ्लैट है। अर्पिता ने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगाई है। 

देर रात हुए इस हादसे से सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, और छात्रा को घायल अवस्था में देखकर तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दे दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सही कारण का खुलासा किया जाएगा।

कॉल डिटेल खंगालेगी पुलिस

पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि अर्पिता पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर मानसिक तनाव में थी। हालांकि छात्रा ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, अभी इसका पता नहीं लग पाया है। पुलिस अब मृतका के मोबाइल फोन की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन लोगों के संपर्क में थी, कॉल डिटेल और मैसेज की भी जांच की जा रही है।