हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 'महाझूठा' करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 8 फरवरी के बाद केजरीवाल की शक्ल शादी में नाराज फूफा जैसी हो जाएगी। नायब सैनी मंगलवार को दिल्ली के मुंडका में भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र दराल के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे।

Nayab Saini BJP campaign: दिल्ली विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक बयानबाजी तेज हो रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 'महाझूठा' करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 8 फरवरी के बाद केजरीवाल की शक्ल शादी में नाराज फूफा जैसी हो जाएगी। नायब सैनी मंगलवार को दिल्ली के मुंडका में भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र दराल के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने केजरीवाल सरकार पर जमकर हमला बोला और उनके चुनावी वादों की पोल खोली।  

यमुना की सफाई का वादा किया, लेकिन वादा निभाने में फेल रहे

नायब सैनी ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने 5 साल पहले वादा किया था कि यमुना नदी को पूरी तरह से साफ करेंगे, लेकिन कुछ नहीं किया। इसके बजाय, अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए नया बहाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब केजरीवाल कह रहे हैं कि हरियाणा ने यमुना में जहर मिला दिया है, जबकि सच्चाई यह है कि यह केवल उनकी नाकामी छिपाने की कोशिश है। सैनी ने कहा कि केजरीवाल सिर्फ झूठे वादे करते हैं और जब लोग जवाब मांगते हैं तो बहाने बनाने लगते हैं। 

जो सबसे झूठा होता है, केजरीवाल उससे भी महाझूठा

हरियाणा के सीएम ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को 'महाझूठा' कहते हुए कहा कि केजरीवाल जितना झूठ बोलते हैं, उतना कोई और नहीं। ये पहले वादे करते हैं, फिर उन्हें पूरा नहीं करते और जब जनता जवाब मांगती है, तो दूसरों पर आरोप लगाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि जब केजरीवाल से कोई सवाल पूछो तो वह मोदी जी को गाली देने लगते हैं, कोई काम करने को कहो तो एलजी को दोष देने लगते हैं।

8 फरवरी को जनता जवाब देगी, केजरीवाल की हालत नाराज फूफा जैसी होगी  

नायब सैनी ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि 8 फरवरी के बाद केजरीवाल की शक्ल शादी में नाराज फूफा जैसी हो जाएगी। उनका इशारा इस ओर था कि चुनावी नतीजों के बाद केजरीवाल को जनता द्वारा नकारे जाने का एहसास होगा और वे हताश नजर आएंगे। सीएम सैनी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली को झूठे वादों और भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए भाजपा को जिताएं और केजरीवाल को सबक सिखाएं।

ये भी पढ़ें: भाजपा, आप और कांग्रेस पर केस!: कैश वाली योजनाओं के वादे पहुंचे हाईकोर्ट, जनहित याचिका में बताया गया असंवैधानिक

भाजपा का चुनावी अभियान तेज, केजरीवाल सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरी आक्रामक रणनीति के साथ प्रचार कर रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य बड़े भाजपा नेता दिल्ली में रैलियां कर रहे हैं। नायब सैनी के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और अब देखना होगा कि आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से इसका क्या जवाब आता है। 8 फरवरी को मतदान के बाद ही पता चलेगा कि जनता किसे समर्थन देती है और किसकी शक्ल नाराज फूफा जैसी होगी।

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव 2025: जबरदस्त चुनावी मुकाबला, उम्मीदवारों के अनोखे प्रचार अभियान ने खींचा लोगों का ध्यान, देखें वायरल वीडियो