बाहरी दिल्ली के मजलिस पार्क के आदर्श नगर इलाके में आज सुबह एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक घर में अचानक आग लग गई। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची। सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर नियंत्रण करने के प्रयास करने में जुट गई। इस दौरान अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, जिसमें पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों समेत 14 लोग झुलस गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में पीड़ित परिवार के आठ सदस्य झुलसे हैं, जबकि तीन पुलिसकर्मी और तीन दमकल कर्मचारियों के झुलसने की खबर सामने आई है। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा आज सुबह 9 बजे हुआ है।
दमकल और पुलिस विभाग को सूचना मिली थी कि मजलिस पार्क स्थित एक घर में आग लग गई है। सूचना पाते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य में जुट गई। इस दौरान आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा था, इस दौरान अचानक एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट की आवाज दूर तक सुनी गई। धमाके की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसे में घायल लोगों को बचाने के लिए कई लोग मौके पर पहुंचे। झुलसे लोगों को नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। दिल्ली पुलिस ने आशंका जताई है कि शार्ट सर्किट या गैस लीकेज की वजह से आग लगी है। बहरहाल, हादसे की वजह जांची जा रही है, जिसके बाद ही हादसे के वजह की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।