Delhi Traffic Police: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए एक विशेष डी-कंजेशन (भीड़ कम करने) अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य गाड़ियों की सुचारू तौर पर आवाजाही सुनिश्चित करना, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करना, ट्रैफिक नियमों का पालन कराना और अवैध पार्किंग और रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।
वीकेंड पर जब लोग अपने परिवारों के साथ इंडिया गेट या कर्तव्य पथ पथ पर घूमने आते हैं, तो उन्हें उस दौरान ट्रैफिक की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए डी-कंजेशन अभियान को शुरू किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वे सड़क या फुटपाथ पर गाड़ी पार्क न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
कितने चालान किए गए ?
नई दिल्ली (ट्रैफिक) के DCP शोभित डी. सक्सेना का कहना है कि इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर अब तक 2253 चालान काटे गए हैं। अवैध पार्किंग पर भी 1720 गाड़ियों के चालान काटे गए, जबकि कैमरे की निगरानी में आए गाड़ियों को 293 ई-चालान भेजे गए। बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने वालों के 60 चालान काटे गए।
यहां है पब्लिक पार्किंग
- मानसिंह रोड (नैशनल म्यूजियम के पास)
- जनपथ (वॉटर चैनल के दोनों ओर)
- रफी मार्ग (सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन के पास)
- बसों के लिए P1 मानसिंह रोड पर पार्किंग की व्यवस्था
वायलेशन कैमरे लगाने शुरू
DCP शोभित डी. सक्सेना के मुताबिक ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए रेड लाइट वायलेशन कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे मथुरा रोड-भैरों मार्ग, रिंग रोड-भैरों रोड और जनपथ-टॉलस्टॉय मार्ग जैसे प्रमुख चौराहों पर लगाए जा रहे हैं। जो रेड लाइट जंप करने वालों के खिलाफ खुद चालान कर लेंगे। इसके तहत बाइल से सीधे ड्राइवर को चालान नोटिस भेजा जा सकेगा।










