दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट फ्लाईवे पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बताया गया है कि डीएनडी फ्लाईवे को 18 मार्च के लिए बंद कर दिया जाएगा। पीक ऑवर्स को छोड़कर इस फ्लाइवे पर किसी भी तरह के वाहन की आवाजाही नहीं होगी। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न आए, इसके मद्देनजर गौतम बुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने बाकायदा एडवाइजरी जारी कर दी है। साथ ही बताया है कि किन वैकल्पिक रास्तों के माध्यम से दिल्ली और नोएडा के बीच इस रास्ते को कैसे आसान कर सकते हैं।
गौतम बुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दिल्ली नोएडा डायरेक्ट फ्लाईओवर 18 मार्च 2026 से बंद रहेगा। कारण यह है कि यहां पर जरूरी मरम्मत कार्य होना है। यह कार्य रात 11 बजे से शुरू होकर सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा, जिसकी वजह से इस फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि इस दौरान वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें और यातायात संबंधित सभी निर्देशों का पालन करें।
डीएनडी फ्लाईओवर बंद होने के बाद वैकल्पिक रूट
गौतम बुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि डीएनडी फ्लाईओवर बंद होने के बाद महामाया की ओर से डीएनडी जाने वाले वाहन चालक चिल्ला बॉर्डर के रास्ते दलित प्रेरणा स्थल होते हुए पहुंच सकते हैं। यहां से आप अपने गंतव्य स्थान की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा, रजनीगंधा/सेक्टर 16 की तराफ से डीएनडी टोल के रास्ते से जाने वाले वाहन डीएनडी टोल पर यूटर्न लेकर चिल्ला रूट से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही होगी
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही, ट्रैफिक नियमों का भी पालन करें। डीएनडी फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते पुलिस टीम तैनात रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।