पूर्वी जिले की एंटी-नाकोटिक्स स्क्वाड को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। मुख्य सरगनाआकाश कुमार दिग्गल को अरेस्ट कर लिया गया है।

दिल्ली पुलिस की पूर्वी जिले की एंटी-नाकोटिक्स स्क्वाड (एएनएस) को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। एएनएस ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश कुमार दिग्गल के रूप में हुई है। 

पूर्वी जिला पुलिस ने दो नशीले पदार्थों के तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा गया था। उनके पास से पुलिस ने 21 किलो 700 ग्राम गांजा और 46 ग्राम स्मैक बरामद की गई थी। पूछताछ के दौरान आकाश कुमार दिग्गल का नाम सामने आया, जो कि ओडिशा से इस पूरे सिंडिकेट को संचालित कर रहा है। दिल्ली एनसीआर में भी भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप भेज रहा है। 

इस पर पुलिस ने इस गिरोह के सरगना को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। ओडिशा के कई जिलों में दबिश दी गई। लगातार प्रयास रंग लाए और आकाश कुमार दिग्गल ओडिशा के बाहरी इलाके में एएनएस के हत्थे चढ़ गया। उससे पूछताछ जारी है। पूछताछ के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य नामों का खुलासा होने की उम्मीद है। 

ड्रग तस्करी में तीन अरेस्ट 

मध्य दिल्ली के हौज काजी थाना पुलिस ने ड्रग तस्करी मामले में तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है। आरोपियों की पहचान बिनोद कुमार, सोनू कुमार मंडल और संजीव कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 24 मार्च को सूचना मिली थी कि एक्सेलियर सिनेमा के पास नशे का कारोबार चल रहा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोहम्मद नामक व्यक्ति को स्मैक का सेवन करते रंगे हाथों पकड़ा। 

उसने पूछताछ में बताया कि उसने पहाड़गंज पुल के पास रहने वाले सोनू से स्मैक खरीदी थी। इस पर पुलिस ने जाल बिछाकर न केवल सोनू को बल्कि इस नशे कारोबार से जुड़े उसे दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 8505 किलोग्राम गांजा और 10 ग्राम हेरोईन बरामद की गई है।