दिल्ली से सटे गाजियाबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के लाल कुआं इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि इस पर काबू करने के सभी प्रयास नाकाम साबित हुए। घटना की जानकारी दमकल विभाग के साथ ही पुलिस को दी गई। पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अभी तक इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
गाजियाबाद दमकल विभाग के मुताबिक, आज दोपहर 1:47 बजे फायर स्टेशन कोतवाली पर सूचना मिली थी कि लाल कुंआ के पास स्थित एक फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना पाते ही दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। दमकल टीमें जब मौके पर पहुंची तो पाया कि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। पास भी मौजूद एक अन्य फैक्ट्री भी आग की चपेट में आ गई थी। दमकल कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद इस इस आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया।
प्लास्टिक की वजह से फैली आग
दमकल विभाग के मुताबिक, इस फैक्ट्री में नीचे प्लास्टिक का दाना बनाने का काम होता था। यहीं आग लगी। प्लास्टिक के चलते यह आग तेजी से फैली थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। बहरहाल, पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भजनपुरा के घर में लगी भीषण आग
दिल्ली के भजनपुरा इलाके में बीती रात एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस घर के ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगी, जिसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त लोग सो रहे थे। जब आग की घटना का पता चला तो न केवल इस इमारत में रहने वाले लोगों बल्कि पड़ोस के लोगों में भी हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। जिस तरह से आग तेजी से फैल रही थी, उसके चलते तीन महिलाओं समेत चार लोगों ने पहली मंजिल से कूदकर जान बचाई। इनमें दो वर्षीय बच्चा भी शामिल है। यहां क्लिक कर पढ़िये विस्तृत खबर