दिल्ली के मयूर विहार फेज 2 स्थित गैस एजेंसी पर आज लोगों ने खासा हंगामा किया। बवाल इतना बढ़ा कि पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। जानिये पूरा मामला?

देश की राजधानी दिल्ली के मयूर विहार फेज 2 स्थित ई पॉकेट स्थित गैस एजेंसी पर आज बवाल देखने को मिला। यहां गैस सिलेंडर लेने आए उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद धक्का मुक्की शुरू हो गई। बवाल बढ़ता देख पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामे को शांत कराया और दोनों पक्षों से बातचीत की। 

मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इस गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की कतारें लगी थी। आगे बढ़ने के चलते उपभोक्ता एजेंसी के भीतर घुस गए। इस दौरान एजेंसी में कार्यरत एक महिला कर्मचारी का पांव चोटिल हो गया। इसके बाद जब एजेंसी कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो लोग भी भड़क गए। 

ऐसे में एजेंसी कर्मचारियों ने शटर गिरा दिया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पीसीआर ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और शटर खुलवाया। बहरहाल, किसी भी पक्ष की तरफ से कोई भी लिखित शिकायत नहीं दी गई है। 

गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी? 

दिल्ली में गैस सिलेंडरों की डिलीवरी में देरी हो रही है। सोशल मीडिया पर ऐसी अनगिनत पोस्ट हैं, जो शिकायत कर रहे हैं कि बुकिंग करने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उपभोक्तओं की मांग है कि गैस एजेंसियों पर नकेल कसनी चाहिए ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए परेशानी न उठानी पड़े।