Delhi Robbery Case: दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके से लूट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर 3 बदमाशों ने दुकानदार से बंदूक की नोक पर 14 लाख रुपये लूट लिए हैं। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,पीड़ित की पहचान महेंद्रू एन्क्लेव के रहने वाले कार्तिक के तौर पर हुई है। पुलिस को दी गई शिकायत में कार्तिक ने बताया कि शुक्रवार को देर रात दुकान के अंदर फिल्म देख रहे थे। उसी दौरान 3 अज्ञात लोग अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराने के बहाने दुकान में घुस आए।
और कहने लगे उन्हें आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराना है। मौका देखकर एक आरोपी ने दरवाजा अंदर से बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने कनपटी पर पिस्तौल तान दी, वहीं तीसरे ने गर्दन पर चाकू रखकर कैश मांगा, जिसके बाद तीनों बदमाश 14 लाख रुपये से भरा बैग लेकर मौके से भाग गए।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया है।