Greater Noida Road Accident: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिर गई। पर राहत की बात यह रही कि कार चालक को इस घटना में कोई गंभीर चोट नहीं लगी है।

Greater Noida Road Accident: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक गाड़ी देर रात अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिरी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की टीम ने कार को नाले से बाहर निकाला। यह मामला बिसरख थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर की तरफ जाने वाले रोड का बताया जा रहा है। गनीमत रही है कि इस घटना में कार चालक को चोट नहीं लगी है। लोगों की शिकायत है कि हादसे की जगह किसी भी तरह की कोई बैरीकेड या फिर कोई भी रिफ्लेक्टर नहीं लगाया गया था।

बताया जा रहा है कि कार चालक ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख कोतवाली क्षेत्र के गैलेक्सी गोल चक्कर से हनुमान मंदिर की तरफ जा रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिरी और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कार चालक को कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कार को नाले से बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि कार चालक का नाम सुशील त्यागी है, जो देर रात गैलेक्सी गोल चक्कर की ओर से हनुमान मंदिर की तरफ जा रहा था और रास्ते में कार सर्वोत्तम स्कूल के पास नाले में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक, कार चालक नशे में था और पहले टर्न लेने की बजाय वह सीधा चला गया, जहा सड़क नाले के पास जाकर खत्म होती है। इसी वजह से कार सीधे जाकर खुले नाले में जा गिरी। हैरानी की बात यह कि नाले के पहले बैरीकेड नहीं लगा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही से वाहन चालने का लग रहा है।