भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली के कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बरी होने पर प्रतिक्रिया दी है। जानिये क्या कहा?

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को कथित शराब नीति घोटाले में बरी कर दिया गया है। आम आदमी पार्टी इस फैसले के बाद से भारतीय जनता पार्टी पर एक के बाद एक गंभीर आरोप लगा रही है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को झूठे केस में फंसाकर जेल भेजना उचित नहीं है। यही नहीं, आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने तो यहां तक बयान दे दिया है कि अगर उनकी सरकार बनी तो झूठे केस में जेल भेजने वाले अधिकारियों को सरेआम फांसी पर लटकाने का कानून लाया जाएगा। आम आदमी पार्टी के इन तीखे प्रहारों के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भी रिएक्शन दे दिया है। 

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को निचली अदालत ने सबूतों के आभाव में बरी किया है। यह तकनीकी विषय है। यह भी सही है कि सैंकड़ों की संख्या में सिम कार्ड और मोबाइल सबूत भी निष्ट किए गए थे। अब वो किस भाव से सबूत नष्ट किए गए और सबूतों का क्या आभाव हुआ, इस विषय को लेकर जो भी टेक्निकल इश्यु हैं, उसे लेकर सीबीआई अगला कदम उठाएगी। जहां तक पार्टी का संदर्भ है तो विस्तार से फैसले का अध्ययन करने के बाद एक सुनियोजित जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बात भी विचारणीय है कि अगर सबूत नहीं थे, तो फिर अदालत ने आरोप पत्र दाखिल करने की परमिशन कैसे दे दी।

केजरीवाल और सिसोदिया के खिलाफ सुनवाई जारी रहेगी

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बरी होने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का एकमात्र मामला नहीं था। सीएसी की रिपोर्ट के अनुसार सड़कों, स्कूलों और अस्पतालों के निर्माण में भी घोटाला हुआ था, इन सभी मामलों की सुनवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ेंदिल्ली हाईकोर्ट से मनीष सिसोदिया को मिली राहत, चुनावी जीत के खिलाफ याचिका खारिज

बरी होने के बाद परिवार से मिले केजरीवाल, देखें वीडियो

राउज एवेन्यू से कथित शराब घोटाले में बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल अपने घर पहुंचे और परिजनों से मिले। केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल और बच्चों को गले लगाते भावुक नजर आए। वहीं मनीष सिसोदिया भी उनके साथ मौजूद दिखाई दिए। इसके बाद मनीष सिसोदिया भी अपने घर पहुंचे, जहां उन्हें लड्डू खिलाए गए। इस दौरान दिल्ली लोकसभा में विपक्ष की नेता और दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी भी मौजूद रही।

मनीष सिसोदिया का यूं हुआ स्वागत

AAP नेता आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की 'कट्टर ईमानदारी' आज पूरे देश के सामने है। एक तरफ भाजपा की साजिश, सत्ता की भूख और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग है, दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल और AAP की ईमानदारी है।